CJP PROTEST: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के 47 अधिकारियों को हटाए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि केवल अधिकारियों को हटाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने दोहराया कि उनकी मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है और यदि सरकार इस पर फैसला नहीं करती तो आंदोलन की अगली रणनीति बनाई जाएगी।
‘पहले देखें किन अधिकारियों पर कार्रवाई हुई’
आशुतोष रांका ने कहा कि पहले यह देखना होगा कि किन 47 अधिकारियों को हटाया गया है और किस आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पूरी जानकारी सामने आने के बाद ही इस कदम का आकलन किया जाएगा।
CJP PROTEST: ‘जवाबदेही शिक्षा मंत्री की है’
रांका ने कहा कि पेपर लीक और उससे जुड़े मामलों में अंतिम जवाबदेही शिक्षा मंत्री की है। उनके मुताबिक, नीट पेपर लीक और उससे प्रभावित छात्रों की घटनाओं के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
‘सरकार अड़ी रही तो आंदोलन तेज होगा’
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी प्रमुख मांग पर सकारात्मक रुख नहीं अपना रही है। रांका ने कहा कि यदि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए संगठन कठोर निर्णय लेने पर मजबूर होगा।
CJP PROTEST: दो मांगों पर सकारात्मक संकेत
रांका ने बताया कि सरकार के साथ हुई पिछली बैठक में मृतक छात्रों के परिजनों को मुआवजा और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों पर सकारात्मक संकेत मिले थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन मुद्दों पर जल्द लिखित सहमति मिल सकती है।
‘बैठकों का क्या मतलब, यदि इस्तीफे पर फैसला नहीं’
उन्होंने कहा कि यदि पहले से ही यह तय है कि शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, तो फिर सरकार और आंदोलनकारियों के बीच लगातार बैठकों का कोई औचित्य नहीं रह जाता। ऐसे में संगठन अपनी अगली रणनीति तय करेगा।
CJP PROTEST: सरकार और CJP के बीच फिर होगी वार्ता
गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में CJP प्रतिनिधिमंडल के सौरव दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात की थी। बैठक के बाद सरकार ने बताया था कि आंदोलनकारियों की तीन प्रमुख मांगों और परीक्षा सुधार से जुड़े सुझावों पर चर्चा हुई है तथा आगे की बातचीत के लिए दोनों पक्ष शनिवार को फिर मिलेंगे।
ये भी पढ़े… आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ा TET पेपर लीक का मास्टरमाइंड, बिहार से गिरफ्तारी








