Maharashtra News: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी बिरेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए महाराष्ट्र लेकर पहुंची है। अधिकारियों का मानना है कि उससे पूछताछ में पेपर लीक नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
बिहार से गिरफ्तारी, पूछताछ शुरू होगी
भिवंडी पुलिस ने मुख्य आरोपी बिरेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर पुणे लाने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब उसे भिवंडी पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए रखा जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी कई महीनों से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।
Maharashtra News: पत्नी पहले ही हो चुकी है गिरफ्तार
इस मामले में बिरेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों का मानना है कि दोनों मिलकर पेपर लीक गिरोह के संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
NEET पेपर लीक में भी आया था नाम
बिरेंद्र कुमार गुप्ता का नाम इससे पहले भी कई चर्चित पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है। एक मीडिया स्टिंग ऑपरेशन में उसने कथित तौर पर 2024 के NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली की कमजोरियों को लेकर कई दावे किए थे।
Maharashtra News: 1.5 करोड़ रुपये में पेपर बेचने की थी साजिश
पुलिस जांच के अनुसार, 28 जून को आयोजित होने वाली महाराष्ट्र TET परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक कर उसे करीब 1.5 करोड़ रुपये में बेचने की साजिश रची जा रही थी। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से प्रश्नपत्र के चार सेट भी बरामद किए गए थे।
पेपर लीक नेटवर्क पर बड़ा खुलासा संभव
महाराष्ट्र पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से पूरे पेपर लीक नेटवर्क की परतें खुल सकती हैं। जांच एजेंसियां अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही हैं।
Maharashtra News: देशभर में पेपर लीक पर जारी है विरोध
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब देशभर में पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी हैं। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारी लगातार परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़े… अनुभव से मिलने वाली शिक्षा कठिन होती है, लेकिन जीवनभर साथ रहती है’ – मोहन भागवत का बड़ा संदेश








