Home » Breaking News » संसद मार्च हिंसा: पहली FIR दर्ज, हत्या के प्रयास समेत BNS की 13 गंभीर धाराओं में केस

संसद मार्च हिंसा: पहली FIR दर्ज, हत्या के प्रयास समेत BNS की 13 गंभीर धाराओं में केस

CJP PROTEST NEWS: संसद भवन और रेल भवन के समीप 20 जुलाई को हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने पहली एफआईआर दर्ज कर ली है। कर्तव्य पथ थाना पुलिस ने एक पुलिस इंस्पेक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की 13 गंभीर धाराएं लगाई हैं। इनमें हत्या के प्रयास, सरकारी कर्मचारी पर हमला, दंगा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे आरोप शामिल हैं।

पुलिस की चेतावनी के बावजूद नहीं मानी भीड़

एफआईआर के अनुसार, 20 जुलाई की सुबह संसद की ओर बढ़ रही हजारों प्रदर्शनकारियों की भीड़ को पुलिस ने बार-बार लाउडस्पीकर के जरिए चेतावनी दी कि क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है और प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे और वहां से हटने से इनकार कर दिया।

CJP PROTEST NEWS: बैरिकेड्स तोड़े, पुलिस पर पथराव और हमला

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों के उकसाने पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और संसद की ओर बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट, पथराव और चप्पलें फेंकी गईं। शिकायत के मुताबिक, कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हुए तथा सरकारी और निजी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया।

आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा

स्थिति नियंत्रण से बाहर होने और संसद सहित संवेदनशील सरकारी परिसरों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया गया।

CJP PROTEST NEWS: हत्या के प्रयास सहित 13 धाराओं में मामला दर्ज

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की 13 धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इनमें हत्या के प्रयास, सरकारी कर्मचारी पर हमला, गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और मानव जीवन को खतरे में डालने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।

129 पुलिसकर्मी और 60 से अधिक प्रदर्शनकारी घायल

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई की हिंसा में 129 पुलिसकर्मी और 60 से अधिक प्रदर्शनकारी घायल हुए थे। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर हिंसा में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़े… नई पीढ़ी पर मोहन भागवत का बड़ा संदेश, बोले- आदेश नहीं, संवाद से बनेगी बात