Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » बिना कारोबार शुरू किए लोन लेने वालों पर सख्ती, योगी सरकार करा रही युवाओं का सत्यापन

बिना कारोबार शुरू किए लोन लेने वालों पर सख्ती, योगी सरकार करा रही युवाओं का सत्यापन

Cm yogi: उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना के तहत लोन लेने वाले युवाओं का अब सत्यापन शुरू कर दिया गया है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग ने इसके लिए एक खास मोबाइल एप तैयार किया है, जिसके जरिए यह जांच की जा रही है कि जिन युवाओं ने सरकार से बिना गारंटी और ब्याज के लोन लिया, उन्होंने वास्तव में अपना कारोबार शुरू किया है या नहीं।

सीएम फेलो को सौंपी गई जिम्मेदारी

योजना के तहत सत्यापन का जिम्मा सीएम फेलो को दिया गया है। ये फेलो अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लाभार्थियों की जानकारी जुटा रहे हैं। मौके पर जाकर यह देखा जा रहा है कि संबंधित युवा ने लोन लेने के बाद उद्यम शुरू किया या नहीं। इसके साथ ही युवाओं की फोटो, वीडियो और लोकेशन भी मोबाइल एप पर अपलोड की जा रही है।

Cm yogi: 24 जनवरी 2025 को हुई थी योजना की शुरुआत

मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने उत्तर प्रदेश दिवस के मौके पर 24 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और बिना गारंटी का ऋण दिया जा रहा है।

Cm yogi: 1.69 लाख से ज्यादा युवाओं को मिला लोन

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 1,69,271 युवाओं को करीब 6955 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। हालांकि विभाग को कई ऐसे मामलों की जानकारी मिली है, जहां युवाओं ने लोन तो ले लिया लेकिन कारोबार शुरू नहीं किया। इसी को देखते हुए अब सभी लाभार्थियों का फिजिकल वेरिफिकेशन कराया जा रहा है।

रोजगार और कमाई की भी ली जा रही जानकारी

सत्यापन के दौरान यह भी जांच हो रही है कि लाभार्थी ने किस प्रकार का कारोबार शुरू किया है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि जिस व्यवसाय को शुरू करने का दावा लोन लेते समय किया गया था, वही उद्यम लगाया गया है या नहीं। इसके अलावा कारोबार से होने वाली मासिक आय, कितने लोगों को रोजगार मिला और व्यवसाय की वर्तमान स्थिति जैसी जानकारियां भी एप पर दर्ज की जा रही हैं।

गलत पाए जाने पर होगी वसूली

Cm yogi: एमएसएमई विभाग ने साफ किया है कि यदि किसी युवा ने लोन लेने के बाद कारोबार शुरू नहीं किया है, तो उससे ऋण राशि की वसूली की जाएगी। सरकार का उद्देश्य योजना का लाभ केवल उन्हीं युवाओं तक पहुंचाना है जो वास्तव में स्वरोजगार शुरू करना चाहते हैं।

 

 

ये भी पढ़ें: ट्रंप-शी मुलाकात बनी ‘मीम फेस्ट’, चीन में सोशल मीडिया पर छाए ट्रंप और एलॉन मस्क