Home » उत्तर प्रदेश » CM Yogi Gonda: रामभक्तों के लिए सुरक्षित बनी अयोध्या, रामद्रोहियों की अब नहीं कोई जगह : सीएम योगी

 CM Yogi Gonda: रामभक्तों के लिए सुरक्षित बनी अयोध्या, रामद्रोहियों की अब नहीं कोई जगह : सीएम योगी

CM Yogi Gonda:

 CM Yogi Gonda: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भगवान राम का नाम लेने पर भी प्रतिबंध जैसा माहौल था, लेकिन आज अयोध्या पूरी दुनिया के लिए आस्था और गौरव का केंद्र बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब रामभक्त अयोध्या जाने से डरते थे और राम के नाम पर गोलियां चलती थीं। लेकिन अब अयोध्या में ऐसी व्यवस्था बनाई गई है कि रामभक्तों का सम्मान सुरक्षित है और रामद्रोहियों के लिए वहां कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि आज नई अयोध्या विकास, विरासत और संस्कृति का मॉडल बनकर उभरी है।

गोंडा का विकास तुष्टिकरण की भेंट चढ़ा

सीएम योगी ने कहा कि गोंडा जिला लंबे समय तक तुष्टिकरण और भाई-भतीजावाद की राजनीति का शिकार रहा। सरयू माता की कृपा वाला यह क्षेत्र विकास की दौड़ में पिछड़ता चला गया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब गोंडा के युवाओं को अपनी पहचान बताने में संकोच होता था।

 CM Yogi Gonda: दुर्गा विसर्जन तक में होती थी बाधा

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2015-16 की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजनों में भी बाधाएं उत्पन्न की जाती थीं। त्योहारों से पहले उपद्रव और दंगों का माहौल बनाया जाता था तथा तत्कालीन सरकारें ऐसे तत्वों के सामने झुक जाती थीं।

 CM Yogi Gonda: अब त्योहारों में कोई व्यवधान नहीं

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान सरकार में किसी भी पर्व-त्योहार में व्यवधान डालने की इजाजत नहीं है। यदि कोई सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कानून का राज है और जनता सुरक्षित महसूस कर रही है।

राम मंदिर निर्माण का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की ताकत का सबसे बड़ा उदाहरण अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण है। उन्होंने कहा कि जो कार्य 500 वर्षों तक नहीं हो सका, वह आज पूरा होकर दुनिया के सामने खड़ा है।

सुरक्षा और विकास साथ-साथ

सीएम योगी ने कहा कि जहां असुरक्षा का वातावरण होता है, वहां निवेश और विकास संभव नहीं होता। प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत होने से निवेश बढ़ा है, रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास और सुशासन की नई पहचान बन चुका है।

यह भी पढे़ : कार्रवाई की बजाय पोस्ट डिलीट कराने में जुटी सरकार? अभिजीत दीपके का बड़ा आरोप