Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » सोशल मीडिया से शुरू हुई कहानी पहुंची शोषण तक, ‘फेसबुक दोस्ती’ से 13 साल की कैद, 5 निकाह, 2 हलाला के आरोप

सोशल मीडिया से शुरू हुई कहानी पहुंची शोषण तक, ‘फेसबुक दोस्ती’ से 13 साल की कैद, 5 निकाह, 2 हलाला के आरोप

Conversion Case: मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली 31 वर्षीय एक हिंदू महिला ने अपनी जिंदगी से जुड़ा बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला दावा सामने रखा है। महिला का कहना है कि पिछले 13 वर्षों में उसके साथ लगातार अत्याचार होते रहे। उसके अनुसार उसके साथ दुष्कर्म किया गया, विरोध करने पर कपड़े उतारकर बेरहमी से पीटा गया और नमाज न पढ़ने पर भी मारपीट की गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पांच निकाह कराए गए और दो बार हलाला की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।

सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती और जाल

महिला के मुताबिक, जब वह 18 साल की थी और बीबीए की पढ़ाई कर रही थी, तब साल 2012 में फेसबुक पर उसकी दोस्ती मुजफ्फरनगर के एक युवक से हुई। उस युवक ने अपना नाम नवीन राणा बताया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई।

बाद में वह युवक इंदौर आया और महिला से मिला। उसने उसे एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी दिया। कुछ समय बाद वह वापस चला गया। 2013 में उसने महिला को दिल्ली बुलाया, जहां से मामला आगे बढ़ा।

Conversion Case

असली पहचान और बंधक बनाए जाने का आरोप

महिला का कहना है कि दिल्ली में मिलने के बाद वह उसे मुजफ्फरनगर के फलत क्षेत्र स्थित एक मदरसे में ले गया। कुछ दिनों बाद वह युवक वहां से यह कहकर चला गया कि उसकी मां का एक्सीडेंट हो गया है। इसी दौरान महिला को पता चला कि उस युवक का असली नाम नवीन नहीं बल्कि नावेद है।इसके बाद महिला के अनुसार उसे मदरसे में ही रोक लिया गया और उसे बंधक बना लिया गया।

Conversion Case: जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह का आरोप

महिला का आरोप है कि मदरसे में मौलाना कलीम ने उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया। उसे बुर्का पहनाया गया और विरोध करने पर मारपीट की गई। महिला का कहना है कि उसे बताया गया कि अब वह मुस्लिम बन चुकी है और उसे वहीं रहना होगा।इसके बाद उसे मेरठ और फिर अन्य स्थानों पर ले जाया गया। महिला के अनुसार करीब छह महीने तक वह मेरठ के मदरसे में बंद रही।

अब्दुर रहमान पर गंभीर आरोप

महिला का कहना है कि बाद में उसका निकाह 25 साल बड़े अब्दुर रहमान नाम के व्यक्ति से कर दिया गया। उसने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया और विरोध करने पर उसे नग्न कर पीटा जाता था।महिला ने यह भी कहा कि उसे जबरन नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया जाता था और मना करने पर मारपीट होती थी। कुछ समय बाद अब्दुर रहमान ने उसे तीन तलाक दे दिया।

हलाला और लगातार निकाह का दावा

तलाक के बाद महिला को फिर से अलग-अलग स्थानों पर रखा गया। उसने आरोप लगाया कि उसे तीन महीने की इद्दत में रखा गया और बाद में हलाला की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।इसके बाद उसका दूसरा निकाह कराया गया, लेकिन 2019 में उसके पति की मौत हो गई।

तीसरे और चौथे निकाह के आरोप

महिला का कहना है कि बाद में उसकी मुलाकात एक मौलाना से हुई, जिसने उसका तीसरा निकाह कराया। इस दौरान भी उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।बाद में 2022 में तलाक के बाद फिर से उसे हलाला के नाम पर प्रक्रिया से गुजरना पड़ा और चौथा व पांचवां निकाह कराया गया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान भी उसके साथ अत्याचार हुए।

भाजपा विधायक तक पहुंची महिला

महिला ने बताया कि किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर एक भाजपा विधायक के पास पहुंची, जिन्होंने उसकी मदद की। इसके बाद वह गाजियाबाद पहुंची और 5 मई को थाने में शिकायत दर्ज कराई।

महिला की शिकायत पर गाजियाबाद के अंकुर विहार थाने में 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें नवीन राणा उर्फ नावेद, मौलाना कलीम, अब्दुर रहमान, कारी असलम, फकरुद्दीन, फुरकान समेत कई नाम शामिल हैं।इन पर जबरन धर्म परिवर्तन, दुष्कर्म, हलाला, कई निकाह कराने, मारपीट और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।पुलिस ने अब तक एक आरोपी खालिद हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और बाकी आरोपियों की जांच जारी है।

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जिन स्थानों पर घटनाएं बताई गई हैं, उनकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: तमिलनाडु में सीएम विजय का बड़ा फैसला, धार्मिक स्थलों और स्कूलों के पास की 717 शराब दुकानें होंगी बंद

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments