Cruise attack: भारत ने हाल ही में हुए खाड़ी इलाकों में भारतीय नाविकों वाले टैंकरों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्री ने इन हमलों को बेहद चिंताजनक बताया है। इस हफ्ते की शुरुआत में ओमान के तट के पास अमेरिकी सेना के हमले का शिकार हुए एक जहाज पर मौजूद तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी । शुरुआत में उनके लापता होने की खबर थी, लेकिन बाद में मौत की पुष्टि की गई।
Cruise attack: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने क्या बोला?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा, ‘हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में भारतीय नाविकों से जुड़ी कई घटनाएं हुई हैं। हम अपने नाविक समुदाय की भलाई और सुरक्षा को बहुत महत्व देते हैं। इस बात को फिर से दोहराने की जरूरत नहीं है।’
रणधीर ने आगे कहा कि कल हमने ओमान तट के पास हुए जहाज पर हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दुर्भाग्यवश तीन भारतीयों की मौत हो गई। हमने कड़ा विरोध दर्ज कराने के लिए अमेरिकी CDA को तलब किया था। इस क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। ये मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष का सीधा नतीजा है। इन हमलों को रोका जाना चाहिए और संघर्ष खत्म होना चाहिए।
बीते दिनों कितनी घटनाएं घटित?
Cruise attack: शिपिंग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने हमलों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 8 जून से अब तक भारतीय नाविकों वाले तीन जहाजों पर हमले हुए हैं। 8 जून को ‘मैरिवेक्स’ (Marivex) जहाज़ पर आग लगने की खबर मिली थी। राहत की बात यह थी कि जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया था। इसके बाद 10 जून को ‘एमटी सेटेबेलो’ (MT Settebello) जहाज पर हमला हुआ, जिस पर 24 भारतीय नाविक सवार थे। इनमें से 3 भारतीय नाविकों की मौत हो गई, जबकि 21 को सुरक्षित निकाल लिया गया। 11 जून को हुए ताजा हमले में ‘एमटी जलवीर’ (MT Jalveer) को निशाना बनाया गया। जहाज पर सवार सभी 20 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
Written by: Anushka
ये भी पढ़े: Indian Army को मिली नई ताकत, 180KM दूर तक दुश्मन के ठिकानों को तबाह करेगा ‘अग्निवेग’ ड्रोन








