Home » Uncategorized » दतिया के चुनावी मंच पर जीतू पटवारी ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को बुलाया

दतिया के चुनावी मंच पर जीतू पटवारी ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को बुलाया

Datia By Election: दतिया: जब जीतू पटवारी ने आशुतोष को बुलाया

Datia By Election: मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच चुनावी मुकाबला तेज होता जा रहा है, वहीं रविवार को चुनाव प्रचार के दौरान एक अलग ही राजनीतिक तस्वीर देखने को मिली। चिरुला गांव में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की सभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी वहां से गुजर रहे थे। दोनों नेताओं के बीच मंच पर हुई मुलाकात और हंसी-मजाक ने कुछ देर के लिए चुनावी माहौल को सौहार्दपूर्ण बना दिया। इस घटनाक्रम की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

जीतू पटवारी ने मंच से भाजपा प्रत्याशी को बुलाया

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी चिरुला गांव में कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी चुनाव प्रचार करते हुए सभा स्थल के पास पहुंचे। उन्होंने दूर से जीतू पटवारी का अभिवादन किया। इस पर जीतू पटवारी ने मंच से ही उन्हें आवाज लगाते हुए कहा, “पास आकर मिलिए, इतनी दूर से क्यों जा रहे हो, ऐसे नहीं चलेगा।” इसके बाद आशुतोष तिवारी मंच के पास पहुंचे और दोनों नेताओं के बीच मुस्कुराते हुए बातचीत हुई।

Datia By Election: एक-दूसरे से मिलते ही क्या बातें हुईं ?

आशुतोष तिवारी के मंच के पास पहुंचने पर जीतू पटवारी ने कहा कि वह पहली बार चुनाव मैदान में हैं और अभी तक गांव के लोगों से पूछ रहे थे कि क्या किसी ने उन्हें पहले देखा है। इस पर आशुतोष तिवारी ने माइक संभालते हुए कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन व्यक्तिगत और पारिवारिक रिश्ते हमेशा बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं और जनता से आशीर्वाद की अपेक्षा रखते हैं।

Datia By Election: दतिया: जब जीतू पटवारी ने आशुतोष को बुलाया
                                                        एक दूसरे से मिलते ही हंसी मजाक करते काँग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी
दतिया उपचुनाव में तेज हुआ प्रचार

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दल पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। कांग्रेस ने पूर्व विधायक कुंवर घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया है। दोनों दल लगातार जनसभाओं, पदयात्राओं और गांव-गांव संपर्क अभियान के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

Datia By Election: 30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी। भाजपा में टिकट वितरण के समय पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने आशुतोष तिवारी की उम्मीदवारी का विरोध किया था। हालांकि अब नरोत्तम मिश्रा स्वयं भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में दतिया का उपचुनाव प्रदेश की सबसे चर्चित चुनावी लड़ाइयों में शामिल हो गया है, जहां दोनों दल जीत के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं।

ये भी पढ़ें…हनुमानगढ़ी विवाद पर महंत राजू दास का CM योगी को समर्थन, बोले- बयान तथ्यों पर आधारित