DATIA BY ELECTION: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रचार अभियान में उतारा। बड़ौनी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने भाजपा को केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एकात्मवाद की विचारधारा वाला संगठन बताया और कहा कि इसकी नींव उनकी आजी अम्मा राजमाता विजयाराजे सिंधिया ने रखी थी। उन्होंने अपने संबोधन में दतिया से सिंधिया परिवार के पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया।
1984 का किस्सा सुनाकर दतिया से जुड़ाव बताया
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वह दिल्ली से केंद्रीय मंत्री बनकर नहीं, बल्कि दतिया परिवार के सदस्य के रूप में लोगों के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि सिंधिया परिवार ने पिछले 300 वर्षों से हर सुख-दुख में दतिया की जनता का साथ दिया है। उन्होंने 1984 का एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि उस समय उनके पिता माधवराव सिंधिया ने उन्हें क्षेत्र का दौरा करने भेजा था। उस दौर में सड़कें नहीं थीं और लोगों को पगडंडियों के सहारे सफर करना पड़ता था, लेकिन आज दतिया की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।
DATIA BY ELECTION: विकास कार्यों का किया उल्लेख
सभा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दतिया में ताज एक्सप्रेस का ठहराव उनके पिता के प्रयासों से संभव हुआ और अब यहां ताज एक्सप्रेस के साथ झेलम एक्सप्रेस का भी स्टॉपेज है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विद्युतीकरण के लिए करीब 200 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिससे गांव-गांव तक बिजली पहुंची। इसके अलावा दतिया एयरपोर्ट के लिए 100 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए और पेयजल परियोजनाओं पर भी बड़े स्तर पर निवेश किया गया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर-भिंड-इटावा फोरलेन परियोजना भी जल्द शुरू होगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि 2018 में बनी सरकार भ्रष्टाचार के कारण ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी। उन्होंने कहा कि जिस तरह राजमाता विजयाराजे सिंधिया ने अपने समय में अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई थी, उसी तरह उन्होंने भी भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठाया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और लाड़ली बहना योजना जैसी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे लाखों परिवारों को लाभ मिला है।
DATIA BY ELECTION: आशुतोष तिवारी के समर्थन में वोट की अपील
सभा के अंत में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यदि दतिया में विकास की रफ्तार बनाए रखनी है तो भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाना होगा। उन्होंने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, विधायक प्रीतम सिंह लोधी सहित कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें…राजगढ़ में दर्दनाक हादसा, तालाब में गिरी कार; पांच लोगों की हुई मौत








