Rajgarh Accident: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। खुजनेर थाना क्षेत्र के भीलखेड़ी जोड़ के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे और तालाब में उतरकर कार सवार लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सगाई समारोह में जा रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार (MP09 CC 6414) में सवार लोग शाजापुर जिले के विभिन्न गांवों के निवासी थे। बताया जा रहा है कि गोविंद तिवारी अपनी बेटी की सगाई के सिलसिले में खुजनेर के पास एक गांव जा रहे थे। कार में गोविंद तिवारी, कमल तिवारी, शंकरलाल, दिव्यांग रोहित खाती और अरविंद कंडक्टर सवार थे। हादसे में सभी की मौत हो गई, जिससे परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
Rajgarh Accident: ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना मिलते ही खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल खुजनेर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक व्यक्ति में हल्की सांसें चलने पर डॉक्टरों ने सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है।
दरवाजे लॉक होने से नहीं निकल सके बाहर
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि कार तालाब में गिरने के बाद उसके दरवाजे लॉक हो गए या पानी के दबाव के कारण खुल नहीं सके। कार के शीशे भी बंद थे, जिससे अंदर बैठे लोग समय रहते बाहर नहीं निकल पाए और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार, सड़क की स्थिति या कोई तकनीकी खराबी दुर्घटना की वजह बनी।
Rajgarh Accident: हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जाएगी। मृतकों की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर की गई है और परिजनों से संपर्क किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य तकनीकी कारण से हुआ। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।








