Datia By-Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव के मतदान से पहले कांग्रेस ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। पार्टी ने मतदान दिवस पर विधानसभा की चारों प्रमुख सीमाओं पर वरिष्ठ नेताओं की तैनाती का फैसला किया है। कांग्रेस का दावा है कि सीमा से लेकर प्रत्येक मतदान केंद्र तक संगठन के नेता और कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे तथा चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखेंगे।
Datia By-Election: लोकतंत्र की रक्षा के लिए विशेष रणनीति-
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया उपचुनाव में किसी भी कीमत पर लोकतंत्र से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उनका आरोप है कि मतदान से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशें हो सकती हैं, इसलिए कांग्रेस ने सीमा से बूथ स्तर तक निगरानी की व्यवस्था की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
Datia By-Election: भाजपा ने भी झोंकी पूरी ताकत-
दूसरी ओर भाजपा ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगा दी है। रविवार को केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बसई में जनसभा कर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में माहौल बनाने का प्रयास किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करते हुए राज्य सरकार पर तीखे हमले किए। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में दोनों दलों ने अपनी-अपनी रणनीति तेज कर दी है।
सीमाओं पर दिग्गज नेताओं की तैनाती-
कांग्रेस की योजना के अनुसार डबरा सीमा पर प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ सांसद अशोक सिंह, लाखन सिंह और जसवीर गुर्जर मौजूद रहेंगे। भांडेर सीमा की जिम्मेदारी डॉ. गोविंद सिंह और फूल सिंह बरैया को सौंपी गई है। सेवढ़ा सीमा पर हेमंत कटारे सहित वरिष्ठ नेता निगरानी करेंगे, जबकि दिनारा सीमा पर जयवर्धन सिंह और केपी सिंह मोर्चा संभालेंगे।
झांसी सीमा पर कांग्रेस-सपा का समन्वय-
कांग्रेस ने इस अभियान में समाजवादी पार्टी का भी सहयोग लिया है। झांसी सीमा पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता संयुक्त रूप से निगरानी करेंगे। पार्टी का कहना है कि यह केवल मध्य प्रदेश कांग्रेस का अभियान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने का संयुक्त प्रयास है।
सीमा से बूथ तक सक्रिय रहेगा संगठन-
कांग्रेस के अनुसार मतदान के दिन सीमा से लेकर हर बूथ तक संगठन का नेटवर्क सक्रिय रहेगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि किसी भी कथित गड़बड़ी या मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयास पर तत्काल नजर रखी जाएगी। ऐसे में दतिया उपचुनाव में मतदान से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और मुकाबला बेहद रोचक होता दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़े- ‘किसान कल्याण योजना’ के तहक CM मोहन यादव ने 82 लाख किसानों के खातों में ट्रांसफर किए 3,300 करोड़ रुपये








