Breaking News
Home » मध्य प्रदेश » दिल्ली एयरपोर्ट की तकनीकी खराबी का भोपाल तक असर, कई फ्लाइट हुई लेट; यात्रियों की बढ़ी परेशानी

दिल्ली एयरपोर्ट की तकनीकी खराबी का भोपाल तक असर, कई फ्लाइट हुई लेट; यात्रियों की बढ़ी परेशानी

फ्लाइट
फ्लाइट

दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम (ATC) में आई तकनीकी दिक्कत ने देशभर के फ्लाइट शेड्यूल को बिगाड़ दिया। इसका असर राजधानी भोपाल तक दिखाई दिया, जहां दिल्ली से आने वाली कई फ्लाइट्स तय समय से देर से पहुंचीं। यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, कई की कनेक्टिंग फ्लाइट भी छूट गईं।

सुबह की पहली उड़ान इंडिगो की फ्लाइट 6E602, जो सामान्यतः 7:45 बजे भोपाल पहुंचती है, करीब डेढ़ घंटे की देरी से 9:10 बजे उतरी। वहीं, एयर इंडिया की फ्लाइट AI1723 को 12:05 बजे लैंड करना था, लेकिन वह 1:05 बजे पहुंची। एक और इंडिगो फ्लाइट, जो 1:05 बजे लैंड होने वाली थी, अब तक दिल्ली एयरपोर्ट पर ही फंसी बताई जा रही है।

भोपाल एयरपोर्ट ने दी जानकारी

भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर ने बताया कि सुबह से ही फ्लाइट्स में देरी का असर दिख रहा है। उन्होंने कहा, “दिल्ली एयरपोर्ट पर सिस्टम में आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते उड़ानों के टेकऑफ और लैंडिंग टाइम में बदलाव हुआ है। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में कुछ समय लगेगा।”

एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, सभी उड़ानों की रियल-टाइम ट्रैकिंग की जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरलाइन की वेबसाइट या कस्टमर केयर पर अपडेट लेते रहें, ताकि अनावश्यक इंतजार से बचा जा सके।

जबलपुर की उड़ान भी फंसी

सिर्फ भोपाल ही नहीं, जबलपुर जाने वाली फ्लाइट्स पर भी असर पड़ा है। दिल्ली से जबलपुर के लिए रवाना होने वाली एक इंडिगो फ्लाइट, जो दोपहर 1:30 बजे पहुंचनी थी, अभी तक दिल्ली से उड़ान नहीं भर सकी थी। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट करीब एक घंटे की देरी से रवाना होगी।

दिल्ली में मैन्युअल सिस्टम से चला काम

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट के ऑटोमैटिक मेसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में गुरुवार रात से ही दिक्कत आ रही थी। इस वजह से एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मैन्युअली फ्लाइट्स ऑपरेट करनी पड़ीं, जिससे समय बढ़ गया और ट्रैफिक में गड़बड़ी हुई। आम दिनों में सैकड़ों उड़ानें जिस सिस्टम के जरिए कंट्रोल होती हैं, उसके ठप पड़ने से एक-एक फ्लाइट की क्लियरेंस में ज्यादा वक्त लग रहा था।

100 से ज्यादा उड़ानें हुईं लेट

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट्स के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक देशभर में 100 से ज्यादा उड़ानें देरी से चलीं या लैंड हुईं। कई फ्लाइट्स 30 से 90 मिनट तक पीछे रहीं। सबसे ज्यादा असर दिल्ली, मुंबई, भोपाल, अहमदाबाद, जयपुर और कोलकाता रूट्स पर देखा गया।

यात्रियों के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह रही कि उन्हें न तो एयरपोर्ट पर साफ अपडेट मिल रहे थे, न ही एयरलाइंस काउंटर से सटीक जानकारी। कई लोग घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे।

यात्रियों की शिकायत

भोपाल एयरपोर्ट पर यात्रियों ने बताया कि उड़ानें लेट होने की सूचना समय पर नहीं मिली। एक यात्री ने कहा कि हम सुबह से एयरपोर्ट पर हैं, फ्लाइट कब आएगी ये किसी को पता नहीं। कुछ यात्रियों को दूसरे शहरों में अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट मिस करनी पड़ी।

कब तक सुधरेगी स्थिति?

एविएशन सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है। उम्मीद है कि शाम तक सिस्टम पूरी तरह सामान्य हो जाएगा। फिलहाल फ्लाइट्स मैन्युअल मोड में ऑपरेट हो रही हैं, जिससे देरी होना स्वाभाविक है।

Read More: इंतजार खत्म! शादी के चार साल बाद पेरेंट्स बने विक्की कौशल और कटरीना कैफ, फिल्मी दुनिया में खुशियों का माहौल