Delhi Rain: दिल्ली-NCR में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम में कई सड़कें जलमग्न हो गईं और अंडरपास में पानी भरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई जगह वाहन पानी में फंस गए, जबकि लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जलभराव से आफत
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कई इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। सेक्टर-21, सेक्टर-95, परी चौक, नॉलेज पार्क और ग्रेटर नोएडा वेस्ट समेत कई क्षेत्रों में वाहन फंस गए। सेक्टर-95 अंडरपास में एक एंबुलेंस भी पानी में फंस गई। पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
Delhi Rain: दिल्ली की सड़कों पर घंटों लगा जाम
राजधानी के आईटीओ, मेहरौली-बदरपुर रोड, वजीराबाद रोड, रोहतक रोड, कीर्ति नगर, पीरागढ़ी और शाहीन बाग समेत कई इलाकों में लंबा जाम लगा। सेंट्रल दिल्ली के कई हिस्सों में भी सड़कें पानी से भर गईं। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई।

पेड़ गिरने और मकान क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं
भारी बारिश के बीच दिल्ली फायर ब्रिगेड को मकानों के हिस्से गिरने से जुड़ी कई कॉल मिलीं। राजधानी में कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। एक घटना में पेड़ गिरने से घर में फंसी तीन महिलाओं को फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित बाहर निकाला। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को भी जलभराव के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
Delhi Rain: IMD का रेड अलर्ट, सावधानी की अपील
मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में अगले दिनों में भी तेज बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों और अंडरपास से बचने तथा बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। बारिश ने एक बार फिर दिल्ली-NCR की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें…छिंदवाड़ा में CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CMHO-तहसीलदार और पटवारी सस्पेंड








