Delhi Solar Policy: दिल्ली सरकार ने राजधानी में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि कैबिनेट बैठक में 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले घरों की छतों पर 3 किलोवाट के सोलर पैनल लगाने को मंजूरी दी गई है।-सरकार के मुताबिक, इन सोलर पैनलों को लगाने का खर्च सरकार खुद उठाएगी। इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ अतिरिक्त बिजली सरकार को देने पर आर्थिक लाभ भी मिल सकता है।
Delhi Solar Policy: 2.30 लाख घरों की छतों पर लगेंगे सोलर पैनल-
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य मार्च 2027 तक 2 लाख 30 हजार घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का है। इस योजना के जरिए ज्यादा से ज्यादा परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
Delhi Solar Policy: बिजली सब्सिडी जारी रहेगी-
रेखा गुप्ता ने साफ किया कि दिल्ली सरकार बिजली सब्सिडी खत्म नहीं कर रही है। पात्र उपभोक्ताओं को पहले की तरह बिजली सब्सिडी मिलती रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि दिल्ली के लोग सिर्फ बिजली के उपभोक्ता न रहें, बल्कि बिजली का उत्पादन करने वाले भी बनें।
‘दिल्ली में सोलर योजना को मिलेगी रफ्तार’-
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना देशभर में अच्छा काम कर रही है, लेकिन दिल्ली में इसे अपेक्षित रफ्तार नहीं मिल रही थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने योजना के सामने आने वाली चुनौतियों को समझकर उनके समाधान निकाले हैं। कैबिनेट का यह फैसला दिल्ली को सौर ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
‘विकसित दिल्ली’ के विजन से प्रेरित है पहल-
रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित दिल्ली’ के विजन से प्रेरित है। उनके मुताबिक, दिल्ली को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने से लोगों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़े- चेतेश्वर पुजारा की ऑल टाइम प्लेइंग 11 से रोहित, धोनी और रहाणे बाहर








