Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की आर्थिक विकास दर और कम ब्याज दरों का उदाहरण देते हुए अपने देश के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की नीतियों की आलोचना की है। ट्रंप का कहना है कि भारत की अर्थव्यवस्था करीब 7 फीसदी की रफ्तार से बढ़ रही है, जबकि वहां ब्याज दरें भी कम हैं। उनके मुताबिक, अगर अमेरिका में भी ब्याज दरें कम रखी जाएं तो देश की आर्थिक विकास दर 14 से 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। उन्होंने फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरों को लेकर राजनीतिक तरीके से फैसले लेने का आरोप लगाया। इससे कुछ दिन पहले भी ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘टफ मैन’ कहा था।
Donald Trump: भारत का उदाहरण देकर ट्रंप ने क्या कहा?
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में ब्याज दरें कम होने के बावजूद उसकी आर्थिक विकास दर करीब 7 फीसदी है। वहीं, अमेरिका की अर्थव्यवस्था इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका की विकास दर 4 फीसदी के बजाय 14, 15 या यहां तक कि 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। उन्होंने इसके लिए कम ब्याज दरों को जरूरी बताया। साथ ही कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें ज्यादा होने की वजह फेडरल रिजर्व का राजनीतिक रवैया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह केवल फेड के चेयरमैन को इसके लिए जिम्मेदार नहीं मानते।ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अगर आर्थिक विकास की रफ्तार बढ़ती है तो अमेरिका अपने कर्ज का भुगतान भी तेजी से कर सकता है।
अच्छे आर्थिक आंकड़ों के बावजूद ब्याज दरें बढ़ाने का आरोप
ट्रंप ने फेडरल रिजर्व पर आरोप लगाया कि जब भी अमेरिका के आर्थिक आंकड़े बेहतर होते हैं, केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ा देता है। उनका मानना है कि मजबूत अर्थव्यवस्था के समय ब्याज दरें कम की जानी चाहिए, ताकि कारोबार और निवेश को बढ़ावा मिल सके।उन्होंने कहा कि ब्याज दरें कम होने से लोगों और कंपनियों के लिए कर्ज लेना आसान और सस्ता होगा। इससे आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और देश की कर्ज चुकाने की क्षमता भी मजबूत होगी। ट्रंप ने फेड की मौजूदा नीति को अमेरिका के आर्थिक हितों के खिलाफ बताया।
Donald Trump: अमेरिका में सबसे कम ब्याज दरें चाहते हैं ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में अमेरिका की बड़ी भूमिका है। उनके मुताबिक, कई देश आर्थिक रूप से मजबूत दिखाई देते हैं, लेकिन उनकी सफलता में अमेरिका का भी योगदान है।ट्रंप का कहना है कि जब अमेरिका दूसरे देशों की अर्थव्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने में मदद करता है, तो उसके अपने देश में ब्याज दरें दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले सबसे कम होनी चाहिए।
पिछले पांच साल में भारत की आर्थिक विकास दर
भारत की अर्थव्यवस्था ने पिछले पांच साल में लगातार अच्छी विकास दर दर्ज की है। वित्त वर्ष 2021-22 में देश की आर्थिक विकास दर करीब 9 फीसदी रही थी। इसके बाद भी विकास दर 7 फीसदी से ऊपर बनी रही।वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की अर्थव्यवस्था 7.6 फीसदी की दर से बढ़ी। दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में भारत की विकास दर काफी तेज रही है।उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, चीन की आर्थिक विकास दर करीब 4.5 से 4.8 फीसदी, अमेरिका की 2.1 से 2.3 फीसदी और यूरोप की लगभग 1 फीसदी रहने का अनुमान है।भारत की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में घरेलू बाजार में बढ़ती मांग, सड़क और रेलवे जैसे बुनियादी ढांचे पर सरकारी खर्च और सेवा क्षेत्र की अहम भूमिका रही है।
Donald Trump: अमेरिका में महंगाई अब भी फेड के लक्ष्य से ऊपर
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका में महंगाई दर फेडरल रिजर्व के तय 2 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है।उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में व्यक्तिगत उपभोग व्यय यानी पीसीई महंगाई दर 3.6 फीसदी दर्ज की गई। वहीं, खाने-पीने की चीजों और ऊर्जा की कीमतों को अलग रखने वाली कोर पीसीई महंगाई दर 3.1 फीसदी रही।फेडरल रिजर्व महंगाई को नियंत्रित करने के लिए ब्याज दरों का इस्तेमाल करता है। जब ब्याज दरें बढ़ाई जाती हैं तो लोगों और कंपनियों के लिए कर्ज लेना महंगा हो जाता है। इससे खर्च और बाजार में मांग कम हो सकती है, जिससे महंगाई को काबू करने में मदद मिलती है।
ब्याज दरों को लेकर ट्रंप और फेड में पुराना विवाद
ट्रंप और फेडरल रिजर्व के बीच ब्याज दरों को लेकर लंबे समय से मतभेद रहे हैं। ट्रंप चाहते हैं कि कर्ज सस्ता हो, ताकि लोग ज्यादा खरीदारी कर सकें और कंपनियां अपने कारोबार का विस्तार करें। उनका मानना है कि इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था की रफ्तार बढ़ेगी।वहीं, फेडरल रिजर्व का मानना है कि ब्याज दरें बहुत कम करने से बाजार में खर्च और मांग बढ़ सकती है। इससे महंगाई पर दबाव पड़ने की आशंका रहती है। इसी वजह से केंद्रीय बैंक महंगाई को नियंत्रित रखने के लिए ब्याज दरों में कटौती को लेकर सावधानी बरतता है।
Donald Trump: जेरोम पॉवेल से भी हो चुका है ट्रंप का टकराव
फेडरल रिजर्व के पूर्व चेयरमैन जेरोम पॉवेल के साथ भी ट्रंप का कई बार विवाद हुआ था। ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से उनकी आलोचना की थी और उन्हें पद से हटाने की धमकी तक दी थी।जुलाई 2025 में फेडरल रिजर्व के मुख्यालय की मरम्मत पर बढ़ते खर्च को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी। इसके बाद पॉवेल के खिलाफ जांच भी शुरू हुई। पॉवेल ने इस कार्रवाई को ब्याज दरें कम करने के लिए उन पर दबाव बनाने की कोशिश बताया था। हालांकि, अप्रैल 2026 में पर्याप्त सबूत नहीं मिलने के कारण जांच समाप्त कर दी गई।
नए चेयरमैन के आने के बाद भी नहीं बदली स्थिति
मई 2026 में जेरोम पॉवेल का कार्यकाल खत्म होने के बाद ट्रंप की पसंद माने जाने वाले केविन वॉर्श ने फेडरल रिजर्व के नए चेयरमैन का पद संभाला।ट्रंप को उम्मीद थी कि नए चेयरमैन ब्याज दरों में कटौती करेंगे। हालांकि, सितंबर 2026 में फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी। इसके पीछे अमेरिका में बढ़ती महंगाई को वजह बताया गया। इस फैसले के बाद ट्रंप की नाराजगी और बढ़ गई।
यह भी पढ़े- गोरखपुर में सपा की रैली के दौरान बच्चे की मौत पर सियासी घमासान, अखिलेश यादव के खिलाफ FIR की उठी मांग








