Home » राष्ट्रीय » मुंबई में लॉन्च हुआ E85 फ्यूल, पेट्रोल से 20 रुपये होगा सस्ता

मुंबई में लॉन्च हुआ E85 फ्यूल, पेट्रोल से 20 रुपये होगा सस्ता

E85 Fuel Policy:

E85 Fuel Policy: भारत में वैकल्पिक और पर्यावरण अनुकूल ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। दिल्ली-एनसीआर के बाद अब मुंबई में भी E85 फ्यूल की बिक्री शुरू हो गई है। इसकी कीमत ₹91.18 प्रति लीटर तय की गई है, जो मुंबई में मौजूदा पेट्रोल की कीमत ₹111.33 प्रति लीटर से करीब 20 रुपये कम है। हालांकि कम कीमत के बावजूद यह ईंधन फिलहाल सभी वाहन चालकों के लिए उपयोगी नहीं है, क्योंकि इसका इस्तेमाल केवल विशेष फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों में ही किया जा सकता है।

क्या है E85 फ्यूल और क्यों है सस्ता?

E85 एक विशेष प्रकार का ईंधन है, जिसमें 85 प्रतिशत इथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है। इथेनॉल का उत्पादन भारत में गन्ने और मक्का जैसी फसलों से किया जाता है। चूंकि यह घरेलू स्तर पर तैयार होता है, इसलिए इसकी लागत आयातित कच्चे तेल से बने पेट्रोल की तुलना में कम पड़ती है। इसी वजह से E85 की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम रखी गई है।

E85 Fuel Policy: सामान्य कारों में नहीं कर सकते इस्तेमाल

विशेषज्ञों के अनुसार E85 फ्यूल को किसी सामान्य पेट्रोल वाहन में नहीं भरा जा सकता। इसके लिए फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक से लैस वाहन जरूरी हैं। इन वाहनों में विशेष इंजन, फ्यूल सिस्टम और सॉफ्टवेयर लगाए जाते हैं, जो उच्च इथेनॉल मिश्रण को सुरक्षित रूप से संभाल सकते हैं। यदि सामान्य कार में E85 का उपयोग किया जाता है, तो इंजन और फ्यूल सिस्टम को गंभीर नुकसान हो सकता है।

E85 Fuel Policy:
85 प्रतिशत इथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल मिलने से 20 रुपये सस्ता होगा पेट्रोल

माइलेज में हो सकती है कमी

हालांकि E85 की कीमत कम है, लेकिन इसकी ऊर्जा क्षमता पेट्रोल से कम होती है। इसके कारण वाहन का माइलेज भी घट सकता है। उदाहरण के तौर पर यदि कोई वाहन E20 पेट्रोल पर 15 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देता है, तो वही वाहन E85 पर लगभग 10 से 12 किलोमीटर प्रति लीटर तक ही चल सकता है। यानी माइलेज में 20 से 25 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है।

E85 Fuel Policy: 2027 तक 5,000 पेट्रोल पंपों तक पहुंचाने का लक्ष्य

सरकार ने 5 जून 2026 को देशभर में E85 फ्यूल की शुरुआत की थी। फिलहाल इसे सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के 48 पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध कराया गया है। पहले चरण में दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, पुणे और नागपुर जैसे शहरों को शामिल किया गया है। सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक 500 और दिसंबर 2027 तक 5,000 पेट्रोल पंपों पर E85 उपलब्ध कराने का है। वर्तमान में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की संख्या सीमित है, लेकिन भविष्य में इस तकनीक को व्यापक स्तर पर अपनाने की योजना बनाई जा रही है।

WRITTEN BY – RASHMI SHARMA

ये भी पढ़ें…पटना शहर से बाहर होंगे कोचिंग संस्थान, सम्राट चौधरी का बड़ा फैसला