Fake Passport Case: गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने गुजरात प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गीता पटेल के बेटे हरिकेश पटेल को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए दूसरा पासपोर्ट बनवाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एटीएस अधिकारियों के मुताबिक, हरिकेश ने अपना पहला पासपोर्ट अदालत में जमा कर दिया था, इसके बावजूद उसने कथित तौर पर दूसरा पासपोर्ट हासिल किया।
दूसरे पासपोर्ट से विदेश यात्रा का आरोप
अधिकारियों के अनुसार, शाहिबाग निवासी हरिकेश ने कथित तौर पर इस दूसरे पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भूटान के रास्ते बैंकॉक, सिंगापुर और दुबई की यात्रा की। इसके बाद वह नेपाल के रास्ते भारत वापस आया।
Fake Passport Case: अदालत में जमा था पहला पासपोर्ट
एटीएस अधिकारियों के मुताबिक, ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच चल रही थी। इसी जांच के दौरान हरिकेश का पहला पासपोर्ट अदालत में जमा कराया गया था। उसकी जमानत याचिका खारिज होने के बाद उसने कथित तौर पर दिल्ली में पासपोर्ट खोने की झूठी शिकायत दर्ज कराई।इसके बाद उसने कथित तौर पर फर्जी किराये के दस्तावेज और आगरा का गलत पता इस्तेमाल किया। इन दस्तावेजों के आधार पर उसने जुलाई 2024 में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से नया पासपोर्ट हासिल कर लिया।
दो पासपोर्ट रखने की सूचना पर कार्रवाई
एटीएस को जानकारी मिली थी कि हरिकेश के पास दो पासपोर्ट हैं। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे अहमदाबाद के साइंस सिटी इलाके से गिरफ्तार किया।
Fake Passport Case: इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
एटीएस थाने में 13 सितंबर को इस मामले में केस दर्ज किया गया। हरिकेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। इनमें धारा 336(2) यानी जालसाजी और धारा 340 यानी फर्जी दस्तावेज को असली बताकर इस्तेमाल करने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं। इसके अलावा पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 12(1)(बी) के तहत पासपोर्ट हासिल करने के लिए गलत जानकारी देने का आरोप भी लगाया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।









