Home » Breaking News » G-7 में गूंजेगा भारत का दम! फ्रांस-स्लोवाकिया दौरे पर पीएम मोदी की बड़ी कूटनीतिक पारी

G-7 में गूंजेगा भारत का दम! फ्रांस-स्लोवाकिया दौरे पर पीएम मोदी की बड़ी कूटनीतिक पारी

G7 SUMMIT NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) शनिवार से फ्रांस और स्लोवाकिया के बहुप्रतीक्षित दौरे पर रवाना होंगे। इस यात्रा के दौरान वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Emmanuel Macron) के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, स्लोवाकिया के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और जी-7 शिखर सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

फ्रांस में रक्षा और रणनीतिक साझेदारी पर फोकस

प्रधानमंत्री मोदी 13 और 14 जून को फ्रांस के नीस शहर में रहेंगे। 14 जून को उनकी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। भारत अपनी सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में फ्रांस के साथ सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दे रहा है।

G7 SUMMIT NEWS: ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का करेंगे उद्घाटन

नीस में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप्स तथा वेंचर कैपिटल फंड भाग लेंगे। यह आयोजन दोनों देशों के बीच नवाचार और तकनीकी सहयोग को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

स्लोवाकिया की ऐतिहासिक यात्रा

14 से 16 जून तक प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। यह 1993 में स्लोवाकिया के स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको (Robert Fico) और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी (Peter Pellegrini) से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल और रेलवे निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

G7 SUMMIT NEWS: G-7 शिखर सम्मेलन में भारत की मजबूत मौजूदगी

यात्रा के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 16 और 17 जून को फ्रांस के एवियां में आयोजित G7 समिट में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के दौरान वे जी-7 देशों के नेताओं, साझेदार देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। भारत इस मंच पर वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूती से रखने के साथ-साथ वैश्विक आर्थिक, तकनीकी और भू-राजनीतिक चुनौतियों पर अपना दृष्टिकोण साझा करेगा।

पेरिस में टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप पर जोर

18 जून को प्रधानमंत्री मोदी पेरिस पहुंचेंगे, जहां वे यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप आयोजन विवटेक (VivaTech) में भाग लेंगे। इसके अलावा कई द्विपक्षीय बैठकों में शामिल होने के साथ भारतीय समुदाय को भी संबोधित कर सकते हैं।

G7 SUMMIT NEWS: भारत की वैश्विक भूमिका होगी और मजबूत

विदेश मंत्रालय के अनुसार यह यात्रा फ्रांस, स्लोवाकिया और जी-7 देशों के साथ भारत के संबंधों को नई ऊंचाई देने वाली साबित होगी। साथ ही वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका और वैश्विक दक्षिण के प्रमुख प्रतिनिधि के रूप में उसकी पहचान को और मजबूत करेगी।

ये भी पढ़े… सेजल पवार केस पर वारिस पठान की तीखी टिप्पणी बोले- ‘अगर मुस्लिम नाम होता तो बवाल मच जाता’