Home » राजनीति » गैरसैंण में कल से विधानसभा सत्र, धामी सरकार पेश करेगी 7000 करोड़ का बजट; विपक्ष के घेराव की तैयारी

गैरसैंण में कल से विधानसभा सत्र, धामी सरकार पेश करेगी 7000 करोड़ का बजट; विपक्ष के घेराव की तैयारी

Gairsain Assembly Session:

Gairsain Assembly Session: उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र 27 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। यह सत्र प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित होगा। सत्र को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार 7000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी। वहीं, विपक्ष ने कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है।

Gairsain Assembly Session: 7000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट होगा पेश

27 अक्टूबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में धामी सरकार 7000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके अलावा सदन में कई विधेयक और विभिन्न विभागों की वार्षिक रिपोर्ट भी रखी जाएंगी। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले इस सत्र को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में सरकार की ओर से जनता से जुड़ी नई योजनाओं की घोषणा किए जाने की भी संभावना है।

Gairsain Assembly Session: पहले दिन दिवंगत विधायकों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

विधानसभा सचिवालय को विधायकों की ओर से 445 से अधिक सवाल मिल चुके हैं। हालांकि, सत्र के पहले दिन यानी 27 अक्टूबर को दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस कारण पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होगा। इसके बाद लंच के बाद सदन में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।

सत्र में हंगामे के आसार, विपक्ष बनाएगा सरकार पर दबाव

2027 विधानसभा चुनाव से पहले महत्वपूर्ण माने जा रहे इस सत्र में हंगामे के आसार हैं। विपक्ष ने सदन के अंदर और बाहर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की है। कांग्रेस बिगड़ती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक और सरकारी जमीनों को बेचने के आरोपों जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है। वहीं, विपक्ष के हमलों का जवाब देने के लिए भाजपा ने भी तैयारी कर ली है। पार्टी की ओर से मंत्रियों और विधायकों को विपक्ष के सवालों का मजबूती से जवाब देने के लिए कहा गया है।

27 अक्टूबर को कांग्रेस करेगी विधानसभा का घेराव

कांग्रेस विधानसभा के अंदर ही नहीं, बल्कि सड़क पर भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन की कमान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और हरक सिंह रावत ने संभाली है। ऐसे में विधानसभा सत्र के दौरान अनुपूरक बजट के साथ-साथ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन और सरकार के जवाब पर भी सबकी नजरें रहेंगी।

यह भी पढ़े- NTA Revised Exam Calendar: UGC NET, JEE Main समेत 13 परीक्षाओं की नई तारीखें जारी