Ghaziabad News: गाजियाबाद जिले के खोड़ा क्षेत्र में बकरीद के दिन हुई सूर्या चौहान की हत्या के बाद लगातार राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मुलाकात कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह सूर्या चौहान के घर पहुंचीं और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा
शालिनी सिंह ने सूर्या की मां और भाई से बातचीत की तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने घर के बाहर जमीन पर बैठकर परिजनों का दुख साझा किया और दिवंगत सूर्या को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मीडिया से बातचीत के दौरान शालिनी सिंह ने कहा कि उनके परिवार की ओर से सूर्या के बड़े भाई को नौकरी का प्रस्ताव दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराधियों का मनोबल पूरी तरह तोड़ दें, ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना को अंजाम देने की हिम्मत न कर सके।
Ghaziabad News: अवैध मदरसों पर भी उठाए सवाल
शालिनी सिंह ने बातचीत के दौरान अवैध मदरसों के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदेश में संचालित अवैध मदरसों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी संस्थान में बच्चों को गलत शिक्षा दी जा रही है या कानून के दायरे से बाहर गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर उचित कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अपराध को अंजाम देने के बाद उसका वीडियो बनाकर प्रसारित करने जैसी मानसिकता आखिर समाज में कैसे विकसित हो रही है और इसके पीछे कौन से कारण जिम्मेदार हैं।

गौरतलब है कि बकरीद के दिन हुई सूर्या चौहान की हत्या के बाद से खोड़ा क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इलाके में अभी भी पुलिस की विशेष निगरानी जारी है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस दौरान विभिन्न हिंदू संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि लगातार सूर्या के घर पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। हालांकि बाजारों में धीरे-धीरे सामान्य स्थिति लौटती दिखाई दे रही है और क्षेत्र की कुछ दुकानें फिर से खुलने लगी हैं।
मुख्य आरोपी मारा गया
पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। वहीं असद के पिता सहित पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार की सहायता के लिए प्रशासन और सरकार की ओर से भी कदम उठाए गए हैं। गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सूर्या की मां को नगर पालिका परिषद खोड़ा में संविदा के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया है। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है।
ये भी पढ़े… गृह मंत्रालय पर भड़काऊ टिप्पणी को लेकर ममता बनर्जी के खिलाफ FIR दर्ज, जानिए क्या है विवाद?







