Gorakhpur Projects: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में रविवार को विकास, जनविश्वास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत होगी। इस अवसर पर जिले को 926 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 226 विकास परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
इसके साथ ही प्रदेश सरकार की अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और विकास की गति को और तेज करना है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से इस कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पवित्र तपोस्थली गोरखपुर में विकास, जनविश्वास और लोकमंगल के क्षेत्र में नए अध्याय जुड़ने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 926 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 226 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य है कि विकास की हर उपलब्धि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उत्तर प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुशासन, सुरक्षा और समृद्धि की इस विकास यात्रा में भागीदार बने, यही सरकार की प्राथमिकता है।
Gorakhpur Projects: गोरखपुर को मिली 295 करोड़ की परियोजनाएं
इससे पहले शनिवार को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 295 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 319 जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अब युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और नौकरी के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
नए उत्तर प्रदेश की पहचान बन रही तेज विकास प्रक्रिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि विकास की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाना ही आज के “नए उत्तर प्रदेश” की पहचान बन चुका है।उन्होंने बताया कि महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोभूमि गोरखपुर में 295 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 319 जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के निरंतर प्रयासों के कारण युवाओं को अब रोजगार और नौकरी के लिए अपने क्षेत्र से बाहर जाने की आवश्यकता कम हो रही है, क्योंकि स्थानीय स्तर पर नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।उन्होंने गोरखपुर के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास, सुरक्षा और समृद्धि को सुनिश्चित करना है।
यह भी पढ़े….फ्रांस में पीएम मोदी का जोरदार स्वागत, भारतीय समुदाय ने लगाए ‘मोदी-मोदी’ के नारे.








