Government Income: केंद्र सरकार ने स्वच्छता और प्रशासनिक सुधार अभियानों के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2021 से जनवरी 2026 के बीच सरकारी दफ्तरों में पड़े कबाड़ की बिक्री से सरकार को कुल 4,405.28 करोड़ रुपये की आय हुई है। यह जानकारी प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) की ओर से साझा की गई।
दो महीनों में 200 करोड़ से अधिक की आय
विभाग के अनुसार, केवल दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच कबाड़ निपटान से 200.21 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इसी दौरान देशभर के 5,188 सरकारी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें 81,322 फाइलों की छंटनी की गई।
Government Income: 4.34 लाख वर्ग फुट स्थान हुआ खाली
डीएआरपीजी ने बताया कि ‘सचिवालय सुधार’ के 27वें संस्करण के तहत प्रशासनिक सुधारों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। जनवरी में चलाए गए सफाई अभियानों से करीब 4.34 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थान खाली कराया गया। इसमें कोयला मंत्रालय से 1,88,687 वर्ग फुट, भारी उद्योग मंत्रालय से 62,129 वर्ग फुट का प्रमुख योगदान रहा।
रेल, कोयला और भारी उद्योग मंत्रालय की अहम भूमिका
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने अकेले 115.85 करोड़ रुपये की आय कबाड़ निपटान से हुई, जिसमें रेल मंत्रालय, भारी उद्योग मंत्रालय और कोयला मंत्रालय की भूमिका सबसे अहम रही।
Government Income: रिकॉर्ड प्रबंधन और शिकायत निपटान में सुधार
प्रभावी रिकॉर्ड प्रबंधन के तहत 1.82 लाख फिजिकल फाइलों की समीक्षा की गई, जिनमें से 81,322 फाइलें अनावश्यक पाई गईं। इसके साथ ही 5,57,852 जन शिकायतों का निपटारा किया गया, जो कुल का 90.41 प्रतिशत है। 1,032 सांसद संदर्भ और 375 राज्य सरकार संदर्भ भी सुलझाए गए।
ई-गवर्नेंस से बढ़ी प्रशासनिक दक्षता
सरकार के अनुसार, फाइलों की संख्या कम होने से प्रशासनिक दक्षता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सक्रिय फाइलों के लिए औसत लेनदेन स्तर 2021 में 7.19 से घटकर जनवरी 2026 में 4.31 रह गया।
डिजिटल प्रशासन की दिशा में, जनवरी 2026 में बनाई गई कुल फाइलों में से 93.81 प्रतिशत ई-फाइलें थीं, जबकि प्राप्त रसीदों में 95.29 प्रतिशत ई-रसीदें शामिल रहीं। देश के 65 मंत्रालयों और विभागों ने कम से कम 90 प्रतिशत ई-फाइलिंग को अपनाया है।
सरकार का कहना है कि ये पहलें न केवल स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यालय संस्कृति को बढ़ावा दे रही हैं, बल्कि पारदर्शी और प्रभावी प्रशासन की दिशा में भी मजबूत कदम साबित हो रही हैं।
ये भी पढ़े… राजकोट में बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप, मिट्टी में मिला अवैध निर्माण






