Gwalior News: ग्वालियर जिले के डबरा में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दिनदहाड़े वकील रतन सिंह यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उनकी गर्दन और छाती में तीन गोलियां दागीं। गंभीर हालत में उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में चचेरे भाई, भतीजे समेत तीन रिश्तेदारों को आरोपी बनाया है।
Gwalior News: जमीन विवाद में चली गोलियां-
परिजनों के अनुसार, भितरवार के हरसी रोड स्थित करीब डेढ़ बीघा विवादित जमीन को लेकर रतन सिंह यादव और उनके रिश्तेदारों के बीच लंबे समय से कोर्ट में मामला चल रहा था। शनिवार दोपहर वह जमीन पर पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
Gwalior News: तीन रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप-
हत्या का आरोप चचेरे भाई राकेश यादव, भतीजे राहुल यादव और गब्बर सिंह रावत पर लगाया गया है। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
आरोपियों की तलाश में पुलिस-
एसडीओपी गगन हनवत और थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वकीलों में आक्रोश, थाने का किया घेराव-
घटना के बाद भितरवार अभिभाषक संघ के वकीलों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में वकील थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया।
पुलिस ने क्या कहा-
भितरवार एसडीओपी गगन हनवत ने बताया कि दोपहर में सूचना मिली थी कि भितरवार-डबरा रोड स्थित आशा भोजनालय के पास वकील रतन सिंह यादव पर तीन लोगों ने फायरिंग की। हमले में उन्हें शरीर के कई हिस्सों में गोली लगी। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की आशंका सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े- पुणे के बाद अब मुंबई में भी BNSS की धारा 163 लागू, 23 जुलाई से 6 अगस्त तक प्रभावी रहेगा आदेश








