Gwalior News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित ग्वालियर दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। राष्ट्रपति 21 जून को ग्वालियर पहुंचेंगी, जिसके मद्देनजर शहर से लेकर एयरपोर्ट और कूनो राष्ट्रीय उद्यान तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था में करीब दो हजार पुलिस जवान तैनात रहेंगे, जिनमें कई जवान अन्य जिलों से भी बुलाए जाएंगे।
हेलीकॉप्टर प्राथमिक विकल्प, सड़क मार्ग की भी तैयारी
राष्ट्रपति ग्वालियर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए कूनो राष्ट्रीय उद्यान के लिए रवाना होंगी। हालांकि मौसम खराब होने की स्थिति में सड़क मार्ग को वैकल्पिक योजना के रूप में तैयार रखा गया है। इसी कारण पूरे संभावित रूट पर भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
Gwalior News: दो बार ग्वालियर आएंगी राष्ट्रपति
कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 21 जून को ग्वालियर पहुंचकर कूनो जाएंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन वह दोबारा ग्वालियर लौटेंगी, जहां से विशेष विमान के जरिए दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
एयरपोर्ट के आसपास घर-घर की हो रही स्क्रीनिंग
महाराजपुरा थाना पुलिस एयरपोर्ट क्षेत्र में एडवांस सिक्योरिटी लाइजन (एएसएल) के तहत सघन जांच अभियान चला रही है। आसपास के मकानों की स्क्रीनिंग की जा रही है और मकान मालिकों व किरायेदारों का सत्यापन किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक नहीं छोड़ना चाहतीं।
Gwalior News: होटल, लॉज और धर्मशालाओं की भी जांच
राष्ट्रपति के दौरे से पहले पुलिस शहर के होटल, लॉज और धर्मशालाओं की लगातार जांच कर रही है। ठहरने वाले लोगों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
10 किलोमीटर क्षेत्र रहेगा नो-फ्लाइंग जोन
राष्ट्रपति के आगमन के दौरान ग्वालियर एयरपोर्ट के आसपास लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया जाएगा। इस दौरान ड्रोन समेत किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तु के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा एजेंसियां पूरे कार्यक्रम के दौरान हाई अलर्ट पर रहेंगी।
ये भी पढ़े… कर्नाटक में कांग्रेस ने 7 में से 5 सीटें जीतीं, अब BJP में क्रॉस वोटिंग को लेकर मंथन








