Home » उत्तर प्रदेश » Hamirpur News: सामूहिक विवाह में नाश्ता लूटने के चक्कर में भगदड़, ‘चिप्स लेकर भागा दूल्हा’, वीडियो वायरल

Hamirpur News: सामूहिक विवाह में नाश्ता लूटने के चक्कर में भगदड़, ‘चिप्स लेकर भागा दूल्हा’, वीडियो वायरल

Hamirpur news

Hamirpur News: हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था के कारण बड़ी अफरा-तफरी मच गई। नाश्ते के वितरण के दौरान स्थिति अचानक अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते चिप्स और आलूबड़े के लिए लोगों में भगदड़ मच गई। यह दृश्य इतना अजीब था कि वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसे देखकर हैरान हैं—यहाँ तक कि एक दूल्हा भी चिप्स का पैकेट उठाकर भागता हुआ नजर आया।

380 जोड़ों ने हिंदू रीति से वरमाला डाली

ब्रह्मानंद विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस समारोह में कुल 383 जोड़ों का विवाह निर्धारित था। इनमें से 380 जोड़ों ने हिंदू रीति से वरमाला डाली, जबकि तीन मुस्लिम जोड़ों ने निकाह किया। विवाह कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद जैसे ही नाश्ता बांटने की प्रक्रिया शुरू हुई, प्रबंधन की कमज़ोर व्यवस्था खुलकर सामने आ गई।

Hamirpur News: चिप्स के पैकेट लेने की होड़ में लोग

नाश्ते के काउंटर पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। आलूबड़े और चिप्स के पैकेट लेने की होड़ में लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। कई महिलाएँ हाथों में कई-कई आलूबड़े लेकर दिखाई दीं, जबकि कुछ लोग चिप्स के पैकेट लेकर भागते नजर आए। वीडियो में एक दूल्हा भी चिप्स पैकेट के साथ भीड़ से निकलता दिखाई देता है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

हंगामे के दौरान अफरा-तफरी में एक बच्चा गर्म चाय की टपक में आने से झुलस गया। मौके पर न तो भीड़ को नियंत्रित करने की कोई व्यवस्था दिखी और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नजर आया। देखते ही देखते काउंटर पर रखा सारा नाश्ता लोगों ने लूट लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें समारोह की अव्यवस्था और नाश्ते को लेकर मची छीना-झपटी साफ देखी जा सकती है।

ये भी पढ़े… Bareilly News: 10 चौकी प्रभारियों को SSP ने दिया नगद पुरस्कार, वजह जान आप भी करेंगे तारीफ