Home » उत्तर प्रदेश » 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

UP SIR 2027

UP SIR 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। अब प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची 17 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। पहले इसके प्रकाशन के लिए अलग तारीख निर्धारित की गई थी। ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद मतदाताओं को अपना नाम जुड़वाने, हटवाने या दर्ज जानकारी में संशोधन कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक का समय मिलेगा। भारत निर्वाचन आयोग ने अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। मतदाता सूची की अंतिम सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।

17 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की समय-सारिणी में संशोधन किया है। इसके तहत अब 17 नवंबर को प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस सूची के जारी होने के बाद मतदाता अपना और परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जांच सकेंगे।

UP SIR 2027: 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इस दौरान पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने और मतदाता सूची में दर्ज नाम, पते या अन्य विवरण में गलती सुधारने के लिए भी आवेदन किया जा सकेगा।

28 दिसंबर तक निपटाई जाएंगी आपत्तियां

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए 28 दिसंबर 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है। सभी संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

UP SIR 2027: 4 जनवरी को आएगी अंतिम मतदाता सूची

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को भी इसकी जानकारी देने को कहा गया है। उन्होंने प्रदेश के पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी की जांच करें। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे निर्धारित समय में आवेदन करें। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

ये भी पढ़ें…ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी की आंखों में थे आंसू और पछतावा? सोनिया गांधी ने किताब में किया दावा