Breaking News
Home » मनोरंजन » 2 करोड़ की फिल्म ने कमाए 107 करोड़, अब ‘हनुमान अंश’ पार्ट-2 में दिखेगा कैंची धाम

2 करोड़ की फिल्म ने कमाए 107 करोड़, अब ‘हनुमान अंश’ पार्ट-2 में दिखेगा कैंची धाम

बिना बड़े सितारों के कैसे छाई ‘हनुमान अंश’?

Hanuman Ansh: बाबा नीम करौली के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ के दूसरे पार्ट की तैयारी शुरू हो गई है। फिल्म के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने पार्ट-2 बनाने की घोषणा की है। इस फिल्म में बाबा नीम करौली से जुड़े प्रसिद्ध कैंची धाम की कहानी को भी दिखाया जाएगा।

कैंची धाम से बाबा का गहरा जुड़ाव

बाबा नीम करौली 1960 के दशक की शुरुआत में कैंची पहुंचे थे। इसके बाद 15 जून 1964 को यहां हनुमान मंदिर और आश्रम की स्थापना की गई। अपने जीवन के आखिरी वर्षों में कैंची धाम बाबा का प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र बन गया था।डॉ. विशाल चतुर्वेदी का भी कैंची धाम से पुराना संबंध रहा है। करीब 2006 में अपनी पोस्टिंग के दौरान वह कई बार कैंची धाम गए थे। इसी दौरान पहली बार उनका परिचय बाबा नीम करौली की शिक्षाओं से हुआ। इस अनुभव ने उन्हें काफी प्रभावित किया। करीब दो दशक बाद बाबा से जुड़ा यही अनुभव ‘हनुमान अंश’ की कहानी के लिए प्रेरणा बना।

Hanuman Ansh: नैनीताल के चार प्रमुख आध्यात्मिक स्थल

कैंची धाम उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवाली के पास शिप्रा नदी के किनारे स्थित है। यह बाबा नीम करौली से जुड़े प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों में गिना जाता है। नैनीताल में बाबा से जुड़े चार प्रमुख धाम बताए जाते हैं कैंची धाम, काकड़ीघाट, हनुमानगढ़ी और भूमियाधार।

2 करोड़ में बनी फिल्म ने कमाए 107 करोड़ से ज्यादा

‘हनुमान अंश’ की सफलता ने फिल्म इंडस्ट्री को भी हैरान कर दिया। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को शुरुआत में सीमित संख्या में स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था। पहले सप्ताह में इसके शो और स्क्रीन घटकर लगभग 25 रह गए थे।हालांकि, दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया और लोगों के बीच फिल्म की चर्चा ने इसकी स्थिति बदल दी। धीरे-धीरे फिल्म को ज्यादा दर्शक मिलने लगे और चौथे सप्ताह तक यह करीब 1,200 स्क्रीन तक पहुंच गई।

अलग-अलग इंडस्ट्री स्रोतों में फिल्म की कमाई को लेकर आंकड़े अलग-अलग बताए गए हैं। हालांकि, 4 सितंबर तक फिल्म करीब 107 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी थी।इस हिसाब से फिल्म ने अपने बजट से 50 गुना से भी ज्यादा कमाई की। कम बजट में इतनी बड़ी कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में अब ‘हनुमान अंश’ का नाम भी शामिल हो गया है।

Hanuman Ansh: ‘हनुमान अंश’ ने दर्शकों को क्यों किया भावुक?
‘हनुमान अंश’ ने दर्शकों को क्यों किया भावुक?
Hanuman Ansh: फिल्म के प्रमुख चेहरों को जानिए

डायरेक्टर- डॉ. विशाल चतुर्वेदी

42 साल के विशाल चतुर्वेदी ने ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन किया है। फिल्मों में आने से पहले वह डॉक्टर के तौर पर काम करते थे। ‘हनुमान अंश’ उनके निर्देशन में बनी दूसरी फिल्म है। इससे पहले उन्होंने 2013 में आई फिल्म ‘वॉर्निंग’ का निर्देशन किया था।

एक्टर- शोभिनव सत्या

फिल्म में अभिनेता शोभिनव सत्या ने बाबा नीम करौली की भूमिका निभाई है। उन्होंने एफटीआईआई, पुणे से पढ़ाई की है। अभिनय के अलावा वह असिस्टेंट डायरेक्टर, सेकंड यूनिट डायरेक्टर, स्क्रिप्ट और कंटिन्यूटी विभाग में भी काम कर चुके हैं।शोभिनव सत्या ‘महापौर’, ‘सीआईडी’, ‘रागिनी एमएमएस’ और ‘हैप्पीली एवर आफ्टर’ जैसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं।

एक्टर- चंदन के. आनंद

अभिनेता चंदन के. आनंद ने फिल्म में डॉ. राम नंदन भोसले की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे पहले भी वह कई फिल्मों और टीवी शोज में सहायक भूमिकाएं निभा चुके हैं।उन्होंने ‘आलू चाट’, ‘पार्च्ड’, ‘लव आज कल’, ‘गुंजन सक्सेना’, ‘फाइटर’ और ‘होमबाउंड’ जैसी फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा वह ‘बैरिस्टर बाबू’, ‘ये प्यार न होगा कम’ और ‘मीत’ सहित कई टीवी शोज में भी नजर आ चुके हैं।

वायरल भजन ने बदली सुनील लोधी की जिंदगी

फिल्म ‘हनुमान अंश’ के चर्चित और वायरल गाने ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ को गायक सुनील लोधी ने अपनी आवाज दी है।25 वर्षीय सुनील लोधी नेत्रहीन यानी दिव्यांग हैं और मध्य प्रदेश के सागर जिले के छोटे से गांव अगरा के रहने वाले हैं। उन्होंने कई साल तक अपने गांव, स्थानीय मेलों और यहां तक कि ट्रेनों में भी भजन और बुंदेली लोकगीत गाए।सोशल मीडिया पर उनके गाए हुए वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें फिल्म ‘हनुमान अंश’ में गाने का मौका मिला।

Hanuman Ansh: स्टीव जॉब्स से विराट कोहली तक बाबा के भक्त

स्टीव जॉब्स: एप्पल के को-फाउंडर स्टीव जॉब्स 1974 में बाबा नीम करौली से मिलने की इच्छा लेकर भारत आए थे। हालांकि, तब तक बाबा के निधन को करीब एक साल हो चुका था। जॉब्स कुछ दिनों तक कैंची धाम में भी रहे। इसके बाद वह अमेरिका लौट गए और 1976 में एप्पल की शुरुआत की।

मार्क जकरबर्ग: फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग ने 2015 में भारत यात्रा के दौरान बताया था कि स्टीव जॉब्स ने फेसबुक के शुरुआती दौर में उन्हें भारत के एक मंदिर में जाने की सलाह दी थी। यह मंदिर बाबा नीम करौली का कैंची धाम ही था।

जूलिया रॉबर्ट्स: हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स हिंदू धर्म को मानती हैं। उन्होंने 2010 में एक इंटरव्यू में बताया था कि बाबा नीम करौली की तस्वीर देखने के बाद उनके मन में हिंदू धर्म को लेकर रुचि पैदा हुई थी।

अनुष्का शर्मा और विराट कोहली: अभिनेत्री अनुष्का शर्मा बाबा नीम करौली को अपना गुरु बता चुकी हैं। साल 2022 में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अपनी बेटी के साथ कैंची धाम भी पहुंचे थे।

मनोज बाजपेयी: अभिनेता मनोज बाजपेयी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ से पहले करीब एक साल तक उनके पास कोई काम नहीं था। इसी दौरान वह फिल्म निर्देशक राम रेड्डी के साथ एक जुगनुमा फिल्म की रिसर्च के लिए कैंची धाम गए थे।

मनोज बाजपेयी के मुताबिक, वहां ध्यान करने के दौरान उन्हें मानसिक शांति मिली और आगे बढ़ने के लिए एक नई राह भी महसूस हुई।

यह भी पढ़े- नीम करोली बाबा की सादगी, हनुमान जी के प्रति भक्ति और चमत्कारों की कहानी क्या ‘हनुमान अंश’ को बनाती है खास?