Har Ghar Tiranga: देश के प्रति प्रेम और राष्ट्र गौरव की भावना को हर नागरिक तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस अभियान की शुरुआत की।सीएम मोहन यादव ने भोपाल स्थित अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ में भी हिस्सा लिया।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने देश के स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि साल 1942 में महात्मा गांधी ने ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ आंदोलन की शुरुआत की थी। आजादी की लड़ाई में क्रांतिकारियों के बलिदान, संघर्ष और अहिंसक आंदोलनों ने पूरे देश में एक बड़ा जनआंदोलन खड़ा कर दिया था।मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी संघर्ष और आंदोलन के चलते अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा और देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद मिली इस स्वतंत्रता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस 15 अगस्त को 80 साल पूरे हो जाएंगे।
विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा…
आज भोपाल निवास पर 'तिरंगा' फहराकर 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ किया।
मैं उन सभी अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करता हूं, जिनके बलिदान से हमें स्वतंत्रता मिली। इस पावन अवसर पर निवास स्थित समस्त स्टाफ के साथ… pic.twitter.com/QbkB9GZU0n
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) August 9, 2026
आजादी का उत्सव मनाने की अपील
सीएम यादव ने कहा कि सभी को भगवान से प्रार्थना करनी चाहिए कि वे देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करें। साथ ही देश के नागरिकों के साथ मिलकर आजादी का पर्व मनाएं।उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने और अपने दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी इसके लिए आह्वान किया है। इसी के तहत अलग-अलग राज्यों और उनकी राजधानियों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं।सीएम यादव ने कहा कि वह खुद भोपाल में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
‘तिरंगे की आन-बान-शान’ बनाए रखने का संकल्प
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी अभियान की शुरुआत को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा।”उन्होंने बताया कि भोपाल निवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने उन सभी अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया, जिनके बलिदान के कारण देश को आजादी मिली।
सीएम यादव ने यह भी बताया कि भोपाल निवास के पूरे स्टाफ के साथ उन्होंने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया।उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि तिरंगे की आन, बान और शान को सबसे ऊपर रखते हुए सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता की रक्षा के लिए वे हमेशा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेंगे।








