Hardik Pandya: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या रविवार, 2 अगस्त की सुबह आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर पहुंचे। उनके साथ उनकी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा भी मौजूद थीं। आईपीएल 2026 का सीजन खत्म होने के बाद से हार्दिक अभी तक मैदान पर वापसी नहीं कर सके हैं। मंदिर में दोनों ने सुबह होने वाली प्रसिद्ध सुप्रभातम सेवा में हिस्सा लिया और भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद लिया। इस दौरान दर्शन का उनका वीडियो भी सामने आया है।
पारंपरिक अंदाज में दिखे हार्दिक पांड्या
तिरुमला मंदिर में हार्दिक पांड्या का बदला हुआ लुक लोगों का ध्यान आकर्षित करता नजर आया। उन्होंने सफेद कुर्ता-पायजामा पहन रखा था, सिर मुंडवाया हुआ था और माथे पर तिलक लगाया हुआ था। उनके साथ मौजूद माहिका शर्मा ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना की। दोनों ने भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।हार्दिक पांड्या को मौजूदा दौर के दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडरों में गिना जाता है। हालांकि अपने करियर में उन्हें कई बार चोटों का सामना करना पड़ा है। इसी वजह से वह पिछले कुछ समय से क्रिकेट मैदान से दूर हैं और हाल की कई सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सके।
वापसी का बेसब्री से इंतजार
साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए टीम इंडिया ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और हार्दिक पांड्या इस योजना का अहम हिस्सा माने जा रहे हैं। उनकी वापसी का सभी को इंतजार है। उम्मीद की जा रही है कि फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद वह सितंबर में होने वाली लिमिटेड ओवर्स सीरीज से मैदान पर वापसी कर सकते हैं।हार्दिक पांड्या ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में खेला था। वहीं वनडे क्रिकेट में उनका पिछला मैच साल 2025 की शुरुआत में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ था। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें उनकी जल्द वापसी पर टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़े…तमिलनाडु कांग्रेस का भाजपा पर हमला, कावेरी जल विवाद में ‘दोहरा मापदंड’ अपनाने का आरोप








