Himanshi Khurana Murder: कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल की 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब सात महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी के रूप में हुई है। पुलिस काफी समय से हिमांशी की हत्या के आरोप में उसकी तलाश कर रही थी।हिमांशी दिसंबर 2025 में टोरंटो के एक घर के अंदर मृत मिली थीं। जांच में सामने आया कि हिमांशी और अब्दुल गफूरी के बीच करीबी यानी “इंटीमेट पार्टनर रिलेशनशिप” थी।
लापता होने के बाद शुरू हुई थी तलाश
पुलिस के अनुसार, हिमांशी स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट के आसपास से लापता हुई थीं। इसके बाद अधिकारियों ने उनकी तलाश शुरू की।20 दिसंबर को सुबह करीब 6:30 बजे हिमांशी को मृत पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी और संदिग्ध अब्दुल गफूरी की तस्वीरें और वीडियो भी सार्वजनिक किए गए थे।
सात महीने बाद पुलिस के हाथ लगा आरोपी
काफी समय तक तलाश जारी रहने के बाद पुलिस ने 7 अगस्त 2026 को अब्दुल गफूरी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया गया है।टोरंटो पुलिस सर्विस ने बताया कि फ्यूजिटिव स्क्वाड और होमिसाइड एंड मिसिंग पर्सन्स यूनिट के अधिकारियों ने आरोपी को कनाडा वापस लाने में मदद के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुलिस एजेंसियों से संपर्क किया था।पुलिस ने अपने बयान में कहा कि शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को टोरंटो निवासी 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी का पता लगाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
भारतीय कॉन्सुलेट ने जताया था दुख
हिमांशी खुराना की हत्या के बाद टोरंटो स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया था।कॉन्सुलेट जनरल ने अपने बयान में कहा था कि टोरंटो में एक युवा भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना की हत्या की खबर से वे बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। उन्होंने इस मुश्किल समय में हिमांशी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की थी।कॉन्सुलेट ने यह भी बताया था कि वह कई दिनों से इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए था। साथ ही, स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में रहते हुए परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही थी।
पिछले महीने भी हुई थी भारतीय मूल की महिला की हत्या
टोरंटो में भारतीय मूल की महिलाओं से जुड़ी हिंसा का यह अकेला मामला नहीं है। पिछले महीने भी 26 वर्षीय भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।मृतका की पहचान नवनीत कौर के रूप में हुई थी। इस मामले में भारतीय मूल के 37 वर्षीय व्यक्ति शरणजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था। ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस ने उसे ब्रैम्पटन से गिरफ्तार किया था।जांचकर्ताओं के अनुसार, नवनीत कौर और संदिग्ध के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। आरोप है कि बहस के बाद आरोपी ने महिला को गोली मार दी और पुलिस के पहुंचने से पहले मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसका पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एडमोंटन में भी सामने आया था हत्या का मामला
कनाडा के अल्बर्टा प्रांत की राजधानी एडमोंटन में भी भारतीय मूल की एक महिला की उसके साथी द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया था।इस मामले में रितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। उस पर सेकंड-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया। रितेश कुमार पर अपनी 23 वर्षीय साथी दमनप्रीत कौर का गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है।
यह भी पढ़े- महाराष्ट्र में दूध हुआ ₹2 महंगा, 11 अगस्त से नए रेट लागू, गाय का दूध ₹62 लीटर








