Hindu S:amrajya Diwas: सेक्टर-3, पॉकेट-ए में शनिवार रात हिंदू साम्राज्य दिवस एवं छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस का आयोजन उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 185 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता, देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में 51 बच्चों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागी बच्चों और उनकी माताओं को सम्मानित किया गया।
शिवाजी महाराज के आदर्श आज भी प्रेरणास्रोत
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रदीप जी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक शासक नहीं, बल्कि हिंदू संस्कृति और राष्ट्र गौरव के महान रक्षक थे। उन्होंने विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष करते हुए हिंदवी स्वराज की स्थापना की और गुरिल्ला युद्ध नीति के माध्यम से अनेक विजय प्राप्त कीं। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का व्यक्तित्व ऐसा था जो सामान्य नागरिक को भी असाधारण योद्धा बनने की प्रेरणा देता था। समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए नौसेना की स्थापना उनकी दूरदर्शिता का प्रमाण है।
Hindu S:amrajya Diwas: नारी सम्मान को दिया सर्वोच्च स्थान
प्रदीप जी ने कहा कि शिवाजी महाराज ने नारी सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार पर वे कठोर दंड देते थे। उन्होंने गोहर बानू की घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि शिवाजी महाराज ने उन्हें सम्मानपूर्वक वापस भेजकर नारी गरिमा की रक्षा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
Hindu S:amrajya Diwas: माता जीजाबाई और समर्थ गुरु रामदास का योगदान
वक्ताओं ने कहा कि शिवाजी महाराज के व्यक्तित्व निर्माण में माता जीजाबाई और समर्थ गुरु रामदास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जीजाबाई के संस्कारों और रामदास जी के मार्गदर्शन ने शिवाजी को राष्ट्रभक्त, साहसी और आदर्श नेतृत्वकर्ता बनाया।
राष्ट्रहित में एकजुटता का संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ज्योति स्वरूप श्रीवास्तव ने की। उन्होंने कहा कि समाज को आपसी मतभेद भुलाकर राष्ट्रहित में संगठित प्रयास करने चाहिए। एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र ही अपने नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित कर सकता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय पुलिस प्रशासन का भी सहयोग प्राप्त हुआ। उपस्थित लोगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
यह भी पढे़ : भोपाल के लालघाटी स्थित कॉम्प्लेक्स में भीषण आग, 8 दमकलों ने पाया काबू








