IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। 22 नवंबर को गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट से ठीक पहले भारतीय टीम की कप्तानी बदल दी गई है। इस मुकाबले में शुभमन गिल टीम का हिस्सा नहीं होंगे। उनकी जगह अब विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को टीम की कमान सौंपी गई है। यह फैसला टीम मैनेजमेंट ने अगले मैच को ध्यान में रखते हुए लिया है। गिल के बाहर होने और नए कप्तान के आने से फैन्स में भी उत्सुकता बढ़ गई है कि आखिर टीम का प्रदर्शन कैसा रहने वाला है। अब देखना यह होगा कि यह कप्तानी बदलाव भारत के लिए कितना फायदेमंद साबित होता है।
शुभमन गिल दूसरे टेस्ट से बाहर नए कप्तान की एंट्री
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ में बड़ा अपडेट सामने आया है। 22 नवंबर से गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट से ठीक पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान शुभमन गिल अब भी अपनी गर्दन की चोट से पूरी तरह उभर नहीं पाए हैं, इसलिए उन्हें बाहर कर दिया गया है। क्रिकेटफ़ैंस की रिपोर्ट के मुताबिक, गिल की जगह अब टीम का नेतृत्व विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत संभालेंगे, जिन्हें बाएं हाथ से बल्लेबाज़ी करने के लिए जाना जाता है। टीम प्रबंधन का मानना है कि गिल को फिलहाल आराम देना ही सही फैसला होगा।
IND vs SA: पहले टेस्ट में लगी थी चोट
कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान शुभमन गिल को अचानक गर्दन में तेज़ दर्द महसूस हुआ। पहली पारी में उन्होंने सिर्फ तीन गेंद खेली और फिर तुरंत रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ दिया। दूसरी पारी में भी वह बल्लेबाज़ी के लिए नहीं उतर पाए, जिसके बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि अगर वह जल्दी मैदान पर लौटे तो चोट और बढ़ सकती है। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट ने उन्हें दूसरे टेस्ट से बाहर रखने का फैसला लिया है, ताकि वह पूरी तरह फिट होकर वापसी कर सकें।
ऋषभ पंत संभालेंगे कप्तानी
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में शुभमन गिल के बाहर होने के बाद अब टीम इंडिया की कमान ऋषभ पंत के हाथों में होगी। पंत पहले भी भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं और अब इस अहम मुकाबले में उन्हें दोबारा ज़िम्मेदारी दी जा रही है। गिल के बाहर होने से टीम में एक स्लॉट खाली हुआ है, जिसे भरने के लिए साई सुदर्शन या देवदत्त पडिक्कल में से किसी एक को मौका मिल सकता है। दोनों ही खिलाड़ी भारत के लिए टेस्ट मैच में डेब्यू कर चुके हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। टीम मैनेजमेंट के मुताबिक, गिल की गैर–मौजूदगी में पडिक्कल या सुदर्शन में से कोई एक पहली पसंद बन सकता है।
IND vs SA: पहले टेस्ट में मिली 30 रनों की हार
कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम को 30 रनों की हार का सामना करना पड़ा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 55 ओवर में 159 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने पहली पारी में 62.2 ओवर में 189 रन बनाकर 30 रनों की बढ़त हासिल की। लेकिन मैच का पासा दूसरी पारी में पलट गया। साउथ अफ्रीका ने 54 ओवर में 153 रन बनाए और भारतीय टीम को 124 रनों का लक्ष्य दिया। टीम इंडिया दूसरी पारी में केवल 93 रन ही बना सकी और पूरी टीम ढह गई। इस तरह साउथ अफ्रीका ने 30 रनों से मैच जीतकर सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली। अब गुवाहाटी टेस्ट टीम इंडिया के लिए सीरीज़ बचाने का मौका होगा।
लेखक-निशी शर्मा
ये भी पढ़े… Al-Falah University: क्या डूब जाएगा अल-फलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्रों का भविष्य?






