IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच आगामी दौरे पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड का ऐलान हो चुका है। टीम में ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों की वापसी हुई है। इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की भी टीम में वापसी हुई है। टीम में ऋषभ पंत का नाम देखकर पूर्व क्रिकेटर एबी डीविलियर्स हैरान रह गए। उनका कहना है कि आईपीएल 2026 में ऋषभ पंत का आत्मविश्वास काफी कम नजर आया था। मैदान पर उनकी एनर्जी, इंटेंट और पॉजिटिव एटीट्यूड में भी कमी दिखी। हालांकि, एबी डीविलियर्स का मानना है कि पंत आगामी टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करेंगे।
IND vs SL: एबी – “मुझे पंत पर पूरा विश्वास है”-
ऋषभ पंत की वापसी पर एबी डीविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “जब मैंने ऋषभ पंत की टीम में वापसी की खबर सुनी तो मैं थोड़ा हैरान हो गया, क्योंकि इस आईपीएल सीजन में मैंने देखा कि उनके अंदर पहले जैसा आत्मविश्वास नहीं था। न ही उनके शॉट्स में पहले जैसा भरोसा, इंटेंट और आत्मविश्वास दिखा। लेकिन अगर पंत के टेस्ट रिकॉर्ड को देखें, तो उन्होंने भारत के लिए कई अहम पारियां खेली हैं, जो मैच के लिए निर्णायक साबित हुई हैं। मुझे पंत पर पूरा भरोसा है कि वह आगामी टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर अपना आत्मविश्वास फिर से हासिल करेंगे।”
IND vs SL: एबी – “सारांश जैन को मौका मिलने पर मैं बहुत खुश हूं”-
ऋषभ पंत पर भरोसा जताने के बाद पूर्व क्रिकेटर एबी डीविलियर्स ने सारांश जैन को मौका मिलने पर भारतीय टीम के चयनकर्ताओं की तारीफ की। एबी ने कहा, “भारतीय टीम में सारांश जैन को शामिल किया जाना मेरे लिए काफी सरप्राइजिंग रहा। मुझे यह देखकर खुशी हुई कि भारतीय चयनकर्ता युवाओं को मौका दे रहे हैं। सारांश जैन लंबे समय से घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं और उनके आंकड़े भी काफी अच्छे हैं। वह ऑफ स्पिनर हैं और बाएं हाथ से बल्लेबाजी भी करते हैं। मुझे लगता है कि वह वाशिंगटन सुंदर की जगह अच्छी भूमिका निभा सकते हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि वह बल्ले और गेंद, दोनों से शानदार प्रदर्शन करेंगे।”
सीरीज से पहले खेला जाएगा अभ्यास मैच-
भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर होगा। जानकारी के लिए बता दें कि टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी।
यह भी पढ़े- राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अमित शाह की हाईलेवल बैठक








