INDIA-PAK NEWS: कराची में हुए आतंकी हमले के लिए पाकिस्तान द्वारा भारत को जिम्मेदार ठहराए जाने पर कांग्रेस ने कड़ा पलटवार किया है। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने पाकिस्तान को आतंकवाद पर आत्ममंथन की नसीहत देते हुए कहा कि जो देश अपने यहां आतंकियों को पनाह देता है, उसे दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
हिलेरी क्लिंटन का बयान किया याद
मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का वर्ष 2011 का बयान साझा किया। उन्होंने कहा कि हिलेरी क्लिंटन ने पाकिस्तान से कहा था, “आप अपने घर के आंगन में सांप पालकर यह उम्मीद नहीं कर सकते कि वे सिर्फ आपके पड़ोसियों को ही काटेंगे। आखिरकार वे उसी इंसान को डसेंगे जिसने उन्हें पाला है।” तिवारी ने कहा कि पाकिस्तान को दुनिया में आतंकवाद फैलाना बंद करना चाहिए।
INDIA-PAK NEWS: ‘डीप स्टेट ही असली समस्या’
कांग्रेस नेता ने कहा कि पाकिस्तान की तथाकथित ‘डीप स्टेट’ ही वहां की सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली नीतियों का खामियाजा अब खुद पाकिस्तान को भुगतना पड़ रहा है।
पाकिस्तान सेना ने भारत पर लगाया आरोप
पाकिस्तान सेना के मीडिया विंग डीजी आईएसपीआर ने दावा किया कि 27 जून को कराची स्थित पाकिस्तान रेंजर्स के कैंप पर हमला भारत समर्थित संगठन ‘जमात-उल-अहरार’ ने किया। सेना के अनुसार, हमले के दौरान तीन आतंकी मारे गए और एक घायल अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया गया।
INDIA-PAK NEWS: तीन सैनिकों की मौत, अभियान जारी
पाकिस्तानी सेना ने बताया कि मुठभेड़ में उसके तीन जवान मारे गए जबकि चार घायल हुए। सेना ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बयान में सेना प्रमुख आसिम मुनीर द्वारा शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने का भी उल्लेख किया गया।
ये भी पढ़े… नोएडा की अरण्या सोसाइटी में 21वीं मंजिल पर लगी आग, AC ब्लास्ट से हादसे की आशंका








