Indore Bus Fire: इंदौर के नवलखा क्षेत्र में सोमवार सुबह अचानक बड़ा हादसा हो गया। तीन इमली के पास बसों की पार्किंग में खड़ी 5 बसों में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उसकी ऊंची लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग लगने के दौरान सुनाई दिए धमाके
घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग फैलने के बीच 4 तेज धमाकों की आवाज भी सुनाई दी। लोगों का कहना है कि ये धमाके गैस सिलेंडर फटने जैसे लग रहे थे। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह पार्किंग में खड़ी एक बस में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग करते समय बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी दूसरी बसों तक पहुंच गई। कुछ ही मिनटों में एक के बाद एक कुल 5 बसें आग की चपेट में आ गईं।

Indore Bus Fire: पार्किंग में खड़ी थीं 20 से ज्यादा बसें
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय पार्किंग में 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आग तेजी से फैलती देख वहां मौजूद लोगों ने तुरंत बाकी बसों को हटाने की कोशिश की। समय रहते कई बसों को वहां से निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
बस पार्किंग के आसपास रिहायशी बस्ती होने की वजह से आग लगते ही लोगों में दहशत फैल गई। धुआं और आग की लपटें देखकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कई लोग परिवार के साथ सुरक्षित जगहों की ओर चले गए। पूरे इलाके में काफी देर तक डर और तनाव का माहौल बना रहा।
पार्षद ने प्रशासन पर उठाए सवाल
स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा भी घटना के बाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और उनकी मरम्मत को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। उनका कहना है कि लापरवाही की वजह से यहां हमेशा बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
घटना के बाद पार्षद मनीष शर्मा मौके पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने साफ कहा कि जब तक इस इलाके से बसों की पार्किंग नहीं हटाई जाती और स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक वे धरना जारी रखेंगे।
ये भी पढ़ें: वाराणसी में ट्रेन के भीतर मर्डर, बाथरूम के बाहर यात्री को मारी गोली, दो दिन में दूसरी हत्या








