Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » वाराणसी में ट्रेन के भीतर मर्डर, बाथरूम के बाहर यात्री को मारी गोली, दो दिन में दूसरी हत्या

वाराणसी में ट्रेन के भीतर मर्डर, बाथरूम के बाहर यात्री को मारी गोली, दो दिन में दूसरी हत्या

Varanasi Train Murder: वाराणसी में सोमवार देर रात एक चलती ट्रेन में सनसनीखेज वारदात सामने आई। जम्मू-तवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने यात्री को उस समय निशाना बनाया, जब वह ट्रेन के बाथरूम से बाहर निकला। हमलावरों ने उसके सिर में गोली मारी और मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच डर और अफरा-तफरी फैल गई।

मुगलसराय और वाराणसी स्टेशन के बीच हुई घटना

मृतक की पहचान बिहार के गया जिले के रहने वाले दिनेश शाह (42) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ सीतापुर स्थित नैमिशारण्य धाम दर्शन करने जा रहे थे। यह घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) और वाराणसी रेलवे स्टेशन के बीच हुई।

घटना के बाद यात्रियों ने तुरंत इसकी जानकारी ट्रेन के रनिंग स्टाफ को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और जीआरपी सक्रिय हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे दिनेश शाह

जानकारी के मुताबिक, दिनेश शाह बिहार के गया जिले के पिपरिया के बारचकी इलाके के रहने वाले थे। वह कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस से नैमिशारण्य धाम जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी, बहन, दो बच्चे और बहन की सास भी सफर कर रहे थे।

दिनेश शाह और उनकी पत्नी ट्रेन के एस-2 कोच में बैठे थे, जबकि बाकी रिश्तेदार जनरल डिब्बे में यात्रा कर रहे थे। रविवार देर रात करीब 2 बजे ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से आगे बढ़ी। इसी दौरान ब्लॉक हट-बी के पास बाथरूम के नजदीक किसी ने दिनेश शाह को गोली मार दी।

गोली की आवाज सुनकर पहुंचे यात्री

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के यात्री मौके पर पहुंचे। वहां दिनेश शाह खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। इसके बाद तुरंत रेलवे स्टाफ को सूचना दी गई।करीब रात 2:42 बजे ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची, जहां शव को ट्रेन से नीचे उतारा गया। घटना के बाद स्टेशन पर भी हड़कंप मच गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के पास करीब 15 हजार रुपए नकद थे, जो सुरक्षित मिले हैं। वहीं उनकी पत्नी के जेवरात भी सुरक्षित हैं। हमलावरों ने न तो किसी तरह की लूटपाट की और न ही उनकी पत्नी को नुकसान पहुंचाया।इस वजह से पुलिस हत्या के पीछे अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।

Varanasi Train Murder: जांच में जुटी रेलवे पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा, क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह और आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त बीपी सिंह जीआरपी थाने पहुंचे।

रेलवे पुलिस की एक टीम ट्रेन के साथ आगे रवाना हुई है, ताकि यात्रियों से पूछताछ कर हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। वहीं दूसरी टीम मृतक के गांव भेजी गई है, जहां परिवार और जान-पहचान के लोगों से पूछताछ की जाएगी।एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Varanasi Train Murder

दो दिन में ट्रेन में हत्या की दूसरी घटना

ट्रेन में हत्या की यह दो दिनों के भीतर दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले रविवार को भी एक पैसेंजर ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

सकलडीहा के सीओ कृष्णमुरारी शर्मा के अनुसार, गाजीपुर निवासी मंगरू 26 अप्रैल को काम के सिलसिले में कर्नाटक गए थे। 8 मई को वह ट्रेन से अपने घर जमानियां लौट रहे थे।

वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से दिलदारनगर होते हुए ताड़ीघाट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में सवार थे। रविवार सुबह बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपी उनका बैग लेकर फरार हो गए।बताया जा रहा है कि बदमाश सकलडीहा रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही ट्रेन से उतर गए थे। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: सोमनाथ मंदिर की 75वीं वर्षगांठ पर भारतीय वायुसेना का भव्य ‘सूर्य किरण एयर शो’, आसमान में दिखेंगे हवाई करतब

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments