Home » उत्तर प्रदेश » ‘तुम ही बोल लो यार…’ पत्रकारों की भीड़ में दरोगा को फटकार लगाने वाली तेज-तर्रार IPS चारू निगम कौन है?

‘तुम ही बोल लो यार…’ पत्रकारों की भीड़ में दरोगा को फटकार लगाने वाली तेज-तर्रार IPS चारू निगम कौन है?

IPS Charu Nigam

IPS Charu Nigam: सुल्तानपुर की एसपी चारू निगम एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है उनका एक वीडियो, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अपने सख्त और तेज-तर्रार अंदाज के लिए जानी जाने वाली चारू निगम इस वीडियो में मीडिया ब्रीफिंग के दौरान एक दरोगा से कहती नजर आ रही हैं- ‘तुम ही बोल लो यार… और यही लाइन अब चर्चा का केंद्र बन गई है।

क्या है वायरल वीडियो का मामला?

दरअसल, यह वीडियो उस समय का है जब एसपी चारू निगम मीडिया को किसी घटना की जानकारी दे रही थीं। इसी दौरान पीछे खड़े एक दरोगा फोन पर बात करने लगे, जिससे उनका ध्यान भंग हुआ। कुछ पल तक नजरअंदाज करने के बाद उन्होंने हल्के नाराजगी भरे अंदाज में कहा- ‘तुम ही बोल लो यार…’ यह छोटा सा रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कई लोग इसे उनके नो-नॉनसेंस रवैये के तौर पर देख रहे हैं, तो कुछ इसे अनुशासन पर सख्त संदेश मान रहे हैं।

IPS Charu Nigam: सुल्तानपुर में चुनौतियों के बीच चर्चा

फरवरी 2026 में सुल्तानपुर का कार्यभार संभालने के बाद से ही चारू निगम के सामने कई बड़ी चुनौतियां रही हैं। जिले में लगातार हुई आपराधिक घटनाओं ने प्रशासनिक दबाव बढ़ाया, और ऐसे माहौल में यह वीडियो उनके काम करने के अंदाज को लेकर नई बहस छेड़ रहा है।

कौन हैं IPS चारू निगम?

आपको बता दें कि चारू निगम उत्तर प्रदेश कैडर की 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं, जिन्हें एक तेज-तर्रार और सख्त प्रशासनिक शैली के लिए जाना जाता है। वह मूल रूप से आगरा की रहने वाली हैं और उन्होंने IIT Roorkee से बीटेक की पढ़ाई की है। वर्ष 2013 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने पुलिस सेवा में प्रवेश किया। अपने करियर के दौरान वह गाजियाबाद में 47वीं वाहिनी पीएसी की सेनानायक, औरैया और झांसी जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रह चुकी हैं। औरैया में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने एक दरोगा के घर छापा मारकर करीब 50 किलो चांदी बरामद की थी, जिससे विभाग में हलचल मच गई थी। अपराध और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के चलते उनकी छवि एक प्रभावी और निर्णायक अधिकारी की बनी है। 

सोशल मीडिया पर क्या कह रहे लोग?

वहीं वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे एक ईमानदार और सख्त अफसर का स्वाभाविक रिएक्शन बता रहे हैं, तो कुछ इसे सार्वजनिक मंच पर संयम बनाए रखने की सलाह से जोड़ रहे हैं।

ये भी पढ़े… अलीगढ़ में दरोगा की मौत से विभाग में दौड़ी शोक की लहर, ड्यूटी करने जा रहे थे जॉइन, हाल में हुआ था तबादला