Meta Office Protest: हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में मेटा के कार्यालयों के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ के मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस ने शनिवार को संगठन के 4 नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की। यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को विपक्षी नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए जाने के विरोध में इन तीनों शहरों में मेटा ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया था। हैदराबाद में कुछ प्रदर्शनकारी कार्यालय के अंदर पहुंच गए और वहां तोड़फोड़ की।मुंबई में प्रदर्शन के दौरान बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ नारा लिखा गया। वहीं, गुरुग्राम में प्रदर्शनकारियों ने मेटा ऑफिस के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। यूथ कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के कहने पर मेटा ने 19 नवंबर को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिए थे।संगठन ने मेटा को 7 दिन का समय दिया है। यूथ कांग्रेस का कहना है कि अगर इस अवधि में विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी पाबंदियां नहीं हटाई गईं तो देशभर में मेटा के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे।
Meta Office Protest: मुंबई में शीशे पर लिखा गया नारा, 4 नेताओं के खिलाफ FIR
मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में 20 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग जमा हुए थे। FIR के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिख दिया। इससे शीशे को नुकसान पहुंचा।पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को नामजद किया है। इनमें जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस के सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर शामिल हैं। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है।पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 के साथ महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया है।

हैदराबाद में 21 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया
तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता हैदराबाद स्थित मेटा ऑफिस पहुंचे थे। सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी कार्यालय के गलियारों और कैफेटेरिया में नजर आए।पुलिस ने मौके से 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियात के तौर पर हिरासत में लिया था। हालांकि, करीब 3 घंटे बाद सभी को छोड़ दिया गया।
Meta Office Protest: यूथ कांग्रेस का दावा- प्रदर्शन के 15 मिनट बाद बहाल हुए अकाउंट
यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दावा किया कि 20 नवंबर को कार्यकर्ताओं के मेटा ऑफिस पहुंचने के महज 15 मिनट बाद उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से चालू कर दिए गए।संगठन ने मेटा के सामने 4 मांगें भी रखी हैं। इनमें पिछले 6 महीनों में सरकार के आदेश पर बंद किए गए भारतीय सोशल मीडिया अकाउंट की संख्या और अब तक ब्लॉक पड़े अकाउंट का ब्योरा देने की मांग शामिल है।
भाजपा ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की आलोचना की
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शनिवार को X पर पोस्ट कर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने मेटा ऑफिस में तोड़फोड़ की और इसके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर इसका प्रचार भी किया।भंडारी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस गुंडों की पार्टी है। उन्होंने वर्ल्ड AI समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बिना कपड़ों के पहुंचने वाली घटना का भी जिक्र किया और इसे देश का अपमान बताया।

Meta Office Protest: KTR बोले- घटना से हैदराबाद की कारोबारी छवि को नुकसान
BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव (KTR) ने भी हैदराबाद में मेटा ऑफिस के बाहर हुए प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस घटना में केवल शीशे नहीं टूटे, बल्कि ‘ब्रांड हैदराबाद’ की छवि और भरोसे को भी नुकसान पहुंचा है।KTR ने कहा कि मेटा ने भारत में अपना सबसे बड़ा कैंपस हैदराबाद में बनाया है। कंपनी ने यहां सुरक्षित कामकाजी माहौल मिलने के भरोसे निवेश किया था। उन्होंने कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि पिछले 3 साल में वह कौन-सा बड़ा अंतरराष्ट्रीय ब्रांड है, जिसे सरकार हैदराबाद लेकर आई है।
यूथ कांग्रेस ने मेटा के सामने रखीं 4 मांगें
यूथ कांग्रेस ने मेटा से चार सवाल और मांगें रखी हैं:
- पिछले 6 महीनों में सरकार के आदेश पर कितने भारतीय सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए गए? इनमें से कितने अकाउंट पर अब भी रोक लगी हुई है?
- राहुल गांधी का जिक्र करने या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की आलोचना करने वाली पोस्ट को अपने आप ब्लॉक किए जाने के आरोपों पर मेटा सफाई दे।
- विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगाई गई सभी गैरकानूनी पाबंदियां हटाई जाएं।
- मेटा भारत के संविधान का सम्मान करे, न कि भाजपा के राजनीतिक निर्देशों का।
यह भी पढ़े- भारत की 7% विकास दर का ट्रंप ने दिया उदाहरण: बोले- अमेरिका में ब्याज दरें कम हों तो 15% तक हो सकती है ग्रोथ








