Iran crisis: ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमलों के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने अपने नए सुप्रीम लीडर के नाम पर लगभग सहमति बना ली है और अब सिर्फ आधिकारिक घोषणा बाकी है। इसी बीच इज़राइल डिफेंस फोर्सेज़ (IDF) ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि वह ईरान के अगले सुप्रीम लीडर के संभावित उत्तराधिकारियों को भी निशाना बनाना जारी रखेगी।
सुप्रीम लीडर के नाम की घोषणा में देरी
तेहरान स्थित मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने नए सुप्रीम लीडर के नाम पर बहुमत के साथ सहमति बना ली है। असेंबली के सदस्य मीरबहागेरी ने बताया कि प्रक्रिया अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है, इसलिए औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल देश का प्रशासन एक नेतृत्व परिषद (लीडरशिप काउंसिल) संभाल रही है।
Iran crisis: IDF ने दी चेतावनी
इज़राइली डिफेंस फोर्सेज़ (IDF) ने इस प्रक्रिया में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि नए सुप्रीम लीडर के चयन से जुड़ी बैठक में शामिल होने वाला कोई भी व्यक्ति संभावित टारगेट माना जाएगा। IDF ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “हम आपको बता देना चाहते हैं कि इज़रायल हर उस व्यक्ति का पीछा करेगा जो उत्तराधिकारी चुनने की प्रक्रिया में शामिल है। जो लोग इस मीटिंग में शामिल होने जा रहे हैं, वे सावधान रहें।”
Iran crisis: युद्ध जैसे हालात के कारण घोषणा टली
तस्नीम न्यूज एजेंसी द्वारा जारी एक वीडियो में एक अधिकारी ने बताया कि लीडरशिप को लेकर कोई समस्या नहीं है और फिलहाल नेतृत्व परिषद देश चला रही है। उन्होंने कहा कि नए सुप्रीम लीडर के नाम पर सहमति लगभग बन चुकी है, लेकिन मौजूदा हालात युद्ध जैसे होने के कारण घोषणा में देरी हो रही है। अधिकारी ने इस स्थिति की तुलना 1989 में अयातुल्ला खुमैनी की मौत के बाद हुए सत्ता परिवर्तन से की। उस समय माहौल अपेक्षाकृत शांत था, इसलिए नए सुप्रीम लीडर की घोषणा तुरंत हो गई थी।
मोजतबा खामेनेई को लेकर अटकलें
कुछ इज़राइली मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी चुना गया है। हालांकि ईरान सरकार ने इन खबरों को खारिज कर दिया है। मुंबई स्थित ईरानी कॉन्सुलेट जनरल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि संभावित उम्मीदवारों को लेकर चल रही मीडिया रिपोर्ट्स का कोई आधिकारिक स्रोत नहीं है और उन्हें आधिकारिक तौर पर नकारा जाता है।
अमेरिका-इजरायल के हमले में खामेनेई की मौत
Iran crisis: बताया जाता है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई और कई शीर्ष सैन्य कमांडरों की मौत हो गई थी। इसके बाद ईरान ने पश्चिमी एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। जवाब में अमेरिका और इजरायल ने भी ईरान पर जोरदार हमले किए। पश्चिमी एशिया में जारी यह संघर्ष अब दूसरे हफ्ते में पहुंच चुका है और फिलहाल शांति की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।
ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी 9 मार्च को बजट के बाद वेबिनार को करेंगे संबोधित








