Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई इलाकों में पानी भर गया है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, पुंछ जिले में रातभर हुई तेज बारिश के कारण 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।राजौरी जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के यात्रा न करें। साथ ही नदियों, नालों और बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने को कहा है, क्योंकि जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा पर असर
खराब मौसम को देखते हुए अमरनाथ यात्रा पहले ही अस्थायी रूप से रोक दी गई है। मौसम विभाग के खराब मौसम के पूर्वानुमान के बाद 19 जुलाई 2026 से पहलगाम और बाल्टल, दोनों मार्गों से श्री अमरनाथजी यात्रा स्थगित कर दी गई है।इसी बीच जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप का वीडियो भी सामने आया है। अमरनाथ यात्रा के बाद वैष्णो देवी यात्रा भी फिलहाल स्थगित कर दी गई है।

बाढ़ से लोगों को भारी नुकसान
लगातार बारिश और बाढ़ के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “सब कुछ खत्म हो गया। हमारे पास जो भी था, वह पानी में बह गया। एक महिला अभी भी लापता है।”एक अन्य निवासी ने कहा, “इस बाढ़ में बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। करीब 200 से 250 गाड़ियां गायब हो गई हैं। यह घटना तड़के करीब 3 बजे हुई। बस स्टैंड पूरी तरह तबाह हो चुका है और उसका कोई निशान तक नहीं बचा।”
लोगों ने प्रशासन से मदद की मांग की
एक अन्य स्थानीय निवासी ने बताया कि बाढ़ आने से पहले वहां करीब 300 से 400 वाहन खड़े थे, लेकिन रातभर में सभी बह गए। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मौके पर JCB या क्रेन भेजी जाए, ताकि बची हुई गाड़ियों को सुरक्षित निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और लोगों को तुरंत राहत की जरूरत है।

धरहल नदी का पानी बस स्टैंड तक पहुंचा
राजौरी जिले में भारी बारिश के चलते अचानक आई बाढ़ से धरहल नदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी का पानी ओवरफ्लो होकर न्यू बस स्टैंड बेला इलाके तक पहुंच गया। बाढ़ का पानी पार्किंग क्षेत्र में घुस गया, जिससे बस स्टैंड पर खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
ये भी पढ़ें…देशभर में बारिश का अलर्ट, किन राज्यों में होगी भारी बारिश? जानें आज का मौसम








