Home » बिज़नेस » फ्लाइट, 4-स्टार होटल और वीजा फ्री! IRCTC के इस 10 दिन के स्पेशल टूर पैकेज से आसान हुआ जापान का सफर

फ्लाइट, 4-स्टार होटल और वीजा फ्री! IRCTC के इस 10 दिन के स्पेशल टूर पैकेज से आसान हुआ जापान का सफर

IRCTC का जापान टूर पैकेज

Japan Tour Package: अगर आपका भी दिल हमेशा से जापान की गलियों, वहाँ की संस्कृति और खूबसूरत नज़ारों को देखने का करता रहा है, लेकिन बजट और ट्रैवल प्लानिंग्स के चक्कर में बात बनते-बनते रह जाती है तो आपके लिए एक बढ़िया ख़बर है! IRCTC एक ऐसा स्पेशल टूर पैकेज लेकर आया है, जहाँ आपको होटल, खाना, यहाँ तक कि वीज़ा तक की टेंशन लेने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि सब कुछ इस पैकेज में पहले से शामिल है। तो चलिए, ज़रा करीब से समझते हैं कि इस 10 दिन के सफ़र में IRCTC आपके लिए क्या-कुछ खास लेकर आया है और इसकी पूरी डिटेल क्या है।

10 दिन और 9 रातों की यात्रा

IRCTC का ये जापान टूर कुल 10 दिन और 9 रात का होगा। इस ट्रिप की शुरुआत 6 सितंबर को दिल्ली से होगी और 15 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान आपकी हर सुविधा का खास ख्याल रखा जाएगा।

क्या रहेगा टूर का किराया

किराया आपके रहने के हिसाब से तय किया गया है। अगर आप तीन लोगों के साथ कमरा शेयर (ट्रिपल शेयरिंग) करते हैं, तो प्रति व्यक्ति खर्च ₹3,45,999 आएगा। वहीं दो लोगों के साथ (ट्विन शेयरिंग) रहने पर यह ₹3,49,999 और अकेले कमरे में रुकने (सिंगल ऑक्यूपेंसी) के लिए ₹4,73,999 देने होंगे। रही बात बच्चों की, तो उनके लिए अलग से बेड लेने या न लेने के आधार पर अलग-अलग चार्ज रखा गया है।

फ्लाइट से लेकर होटल तक मिलेंगी कई सुविधाएँ

इस टूर पैकेज में आपको आने-जाने की इकोनॉमी क्लास फ्लाइट, 4 स्टार होटल में ठहरना और जापान टूरिस्ट वीजा फीस शामिल है। इस टूर के दौरान यात्रियों को रोजाना नाश्ता, दोपहर का खाना और रात का खाना भी दिया जाएगा।

शहर घूमने के लिए मिलेगी गाइड और ट्रांसपोर्ट की सुविधा

इस पैकेज की मदद से आपको अपने पैसों से जापान घूमने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि एयरपोर्ट ट्रांसफर, एसी कोच से साइटसीइंग, 70 साल से कम उम्र के यात्रियों के लिए ट्रैवल इंश्योरेंस, अंग्रेजी बोलने वाला टूर गाइड और टैक्स भी पैकेज का हिस्सा हैं।

टोक्यो में इन जगहों पर घूमने का मिलेगा मौका

टूर की शुरुआत टोक्यो में टू नाइट स्टे से होगी। यहां यात्रियों को असाकुसा टेंपल, नाकामिसे डोरी, उएनो पार्क, ओडाइबा और टीमलैब प्लैनेट्स घूमने का मौका मिलेगा। इतना ही नहीं, शेड्यूल में माउंट फूजी का फिफ्थ स्टेशन भी शामिल है। मौसम खराब रहा, तो इसे ओशिनो हक्काई से बदला जा सकता है।

कौन-कौन सी जगहें होंगी कवर

यात्रियों को क्योटो में अराशियामा बैम्बू फॉरेस्ट, किंकाकु-जी और फुशिमी इनारी ताइशा देखने का मौका मिलेगा। ओसाका कैसल, नारा डियर पार्क और तोदाई-जी भी यात्रा कार्यक्रम का हिस्सा हैं।

हिरोशिमा सैर और बुलेट ट्रेन का सफ़र

पैकेज का असली रोमांच है जापान की मशहूर ‘शिंकान्सेन’ यानी तेज़-तर्रार बुलेट ट्रेन का सफ़र, जो आपको शिन-ओसाका से सीधे हिरोशिमा ले जाएगी। वहाँ पहुँचकर आप पीस मेमोरियल पार्क के साथ-साथ ख़ूबसूरत मियाजिमा और ऐतिहासिक इत्सुकुशिमा श्राइन की सैर भी कर पाएँगे।

बुकिंग से पहले इन जरूरी बातों को जरूर जानें

IRCTC के अनुसार, पासपोर्ट वापसी की तारीख से कम से कम छह महीने वैध होना चाहिए। PAN समेत कई अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। फ्लाइट और यात्रा कार्यक्रम में ऑपरेशनल कारणों के चलते बदलाव हो सकता है, जिसके चलते साइटसीइंग या ट्रैवल प्रोग्राम में भी फेरबदल संभव है। इसलिए बुकिंग से पहले नियम जरूर जान लें।

Written by – Mansi Sharma

यह भी पढ़े- 12 अगस्त को आसमान में दिखेंगे कई दुर्लभ नजारे, एक ही दिन 6 ग्रहों की कतार, सूर्य ग्रहण और पर्सिड उल्का वर्षा