Home » उत्तर प्रदेश » जेवर एयरपोर्ट से मई में टेकऑफ, पश्चिमी यूपी बनेगा देश का नया पावरहाउस, 17 शहरों के लिए होंगी सीधी फ्लाइट्स

जेवर एयरपोर्ट से मई में टेकऑफ, पश्चिमी यूपी बनेगा देश का नया पावरहाउस, 17 शहरों के लिए होंगी सीधी फ्लाइट्स

Flights Start From Jewar Airport

Jewar Airport: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने की उल्टी गिनती अब सच में शुरू हो गई है। मई के अंत तक यहां से घरेलू और कार्गो फ्लाइट्स का संचालन शुरू करने की तैयारी तेज हो चुकी है, जिससे आम जनता को सीधा फायदा मिलने वाला है।

बैठक में लिया गया फैसला

हाल ही में यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड की बोर्ड बैठक में फैसला लिया गया कि पहले चरण में 17 घरेलू रूट्स पर उड़ानें शुरू की जाएंगी। भले ही शहरों की अंतिम सूची अभी सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद है कि मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और लखनऊ जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे अब लोगों को बार-बार इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
                                                                                   नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट

सबसे खास बात यह है कि शुरुआत में सस्ती हवाई यात्रा पर जोर दिया जा रहा है। लो-कॉस्ट एयरलाइंस को प्राथमिकता मिलने से आम आदमी भी हवाई सफर का सपना आसानी से पूरा कर सकेगा। यानी अब नौकरी, पढ़ाई या इलाज के लिए बड़े शहरों तक पहुंचना और भी आसान हो जाएगा।

Jewar Airport: यात्रियों के लिए होगी ये खास सुविधा 

एयरपोर्ट की सुविधाएं भी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कम नहीं होंगी। यहां हर 2 मिनट में एक विमान टेक-ऑफ या लैंड कर सकेगा। आने वाले समय में पार्किंग स्टैंड बढ़ाए जाएंगे और यात्रियों के लिए आधुनिक लाउंज और प्रीमियम सुविधाएं भी तैयार की जा रही हैं। साथ ही, 2026 तक एयरपोर्ट परिसर में एक भव्य होटल भी बनकर तैयार होगा।

सुरक्षा और जरूरी मंजूरियों का काम भी तेजी से चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि गृह मंत्रालय से जल्द ही सभी क्लीयरेंस मिल जाएंगे, जिसके बाद बिना किसी रुकावट के उड़ानें शुरू हो जाएंगी। यह एयरपोर्ट सिर्फ सफर को आसान नहीं बनाएगा, बल्कि पूरे इलाके की किस्मत बदलने वाला है। कार्गो सेवाएं शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, अलीगढ़ और आगरा के कारोबारियों को सीधे विदेशों तक अपने उत्पाद भेजने का मौका मिलेगा। इससे रोजगार बढ़ेंगे, व्यापार को रफ्तार मिलेगी और स्थानीय लोगों की आय में भी इजाफा होगा।

ये भी पढ़े… जमीन पर कब्जा करने वालों पर सख्ती! CM योगी का आदेश- ‘विशेष टीम करेगी विवादों का निपटारा, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई’