Jharkhand: राज्य के अतंर्गत गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में कुलगो टोल प्लाजा के पास गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों को एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद तीनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक ट्रक के चालक और खलासी को वाहन से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
इस तरह भिड़े तीन ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बगोदर की ओर से डुमरी की तरफ आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और टोल प्लाजा के पास खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यह ट्रक अपने आगे खड़े कोयला लदे ट्रक से भिड़ गया। भिड़ंत के तुरंत बाद वाहनों के केबिन में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
Jharkhand: आग की लपटें हुई बेकाबू
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने और फंसे हुए लोगों को निकालने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता के कारण कोई भी वाहनों के करीब नहीं जा सका। इस हादसे में दो ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि तीसरा ट्रक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिसके बाद वाहनों से शवों को बाहर निकाला जा सका। इस दुर्घटना में एक अन्य ट्रक का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत होता है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत होता है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।








