Home » Breaking News » NEET पेपर लीक से CJP संसद मार्च तक, जेपी नड्डा ने विपक्ष को घेरा; कहा- जनता सब देख रही है

NEET पेपर लीक से CJP संसद मार्च तक, जेपी नड्डा ने विपक्ष को घेरा; कहा- जनता सब देख रही है

JP NADDA NEWS: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने नीट पेपर लीक, सीजेपी के संसद मार्च और विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए और सरकार इस विषय पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

‘राहुल गांधी चुनिंदा मामलों पर ही बोलते हैं’

भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने पेपर लीक के मामलों को चयनात्मक तरीके से उठाया। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन शासित राज्यों में हुई पेपर लीक घटनाओं का जिक्र क्यों नहीं किया गया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और तेलंगाना के उदाहरण देते हुए विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

JP NADDA NEWS: ‘सरकार हर तरह की चर्चा के लिए तैयार’

नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार नीट और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर संसद में लंबी या छोटी, किसी भी प्रकार की चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जितना समय तय करेगा, सरकार उतनी देर तक बहस के लिए तैयार रहेगी। उनके मुताबिक, छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर ठोस नीति बनाने की जरूरत है।

‘समाधान राजनीति से नहीं, नीति से निकलेगा’

उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर केवल आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय समाधान खोजने की आवश्यकता है। संसद इस विषय पर व्यापक चर्चा का सबसे उपयुक्त मंच है और सभी दलों को मिलकर ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे भविष्य में छात्रों के साथ अन्याय न हो।

JP NADDA NEWS: सीजेपी और सोनम वांगचुक पर भी बोले

सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन पर जेपी नड्डा ने कहा कि प्रतिनिधियों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई है और यदि उनकी ओर से कोई लिखित प्रस्ताव आता है तो उस पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना गया।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग खारिज

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर नड्डा ने कहा कि इस तरह के मुद्दों का समाधान इस्तीफे की राजनीति से नहीं, बल्कि संसद में चर्चा और जवाबदेही तय करने से होना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।

ये भी पढ़े… ‘छात्रों का आंदोलन राजनीति से दूर रहे, हिंसा ने किया दुखी’, पेपर लीक पर सलमान खान का पोस्ट