Home » उत्तर प्रदेश » CM योगी बोले- ‘काकोरी डकैती नहीं, देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों का ट्रेन एक्शन था’

CM योगी बोले- ‘काकोरी डकैती नहीं, देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों का ट्रेन एक्शन था’

Kakori Train Action: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह’ का शुभारंभ करते हुए काकोरी की घटना को ‘डकैती’ कहे जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि काकोरी की घटना देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों का सुनियोजित ‘ट्रेन एक्शन’ था। इसे डकैती कहना उनके बलिदान और उद्देश्य को कमतर आंकने जैसा है।

सीएम योगी ने कहा कि अंग्रेजों ने काकोरी ट्रेन एक्शन को ‘डकैती’ कहा था, लेकिन दुर्भाग्य से स्वतंत्रता के बाद भी लंबे समय तक इसे ‘काकोरी डकैती कांड’ के नाम से जाना गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे क्रांतिकारियों को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।

आजादी किसी एक व्यक्ति या विचारधारा की देन नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता किसी एक व्यक्ति या विचारधारा के प्रयासों का परिणाम नहीं थी। लाखों लोगों ने अलग-अलग मोर्चों पर संघर्ष किया और अनेक क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि काकोरी और चौरी चौरा जैसी घटनाओं को इतिहास में उचित स्थान मिलना चाहिए। क्रांतिकारियों के बलिदान को भुलाना युवा पीढ़ी को उसके प्रेरणास्रोतों से दूर करने जैसा है।

Kakori Train Action: चौरी चौरा का भी किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने चौरी चौरा की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके बाद कांग्रेस ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था। उन्होंने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय ने चौरी चौरा के आरोपियों का मुकदमा लड़ा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की गुलामी के पीछे केवल विदेशी ताकतें ही जिम्मेदार नहीं थीं, बल्कि आपसी फूट और देश के खिलाफ किए गए षड्यंत्रों ने भी इसमें भूमिका निभाई।

जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटने वाली ताकतों पर निशाना

सीएम योगी ने कहा कि आज भी ऐसी ताकतें सक्रिय हैं, जो जाति और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटकर भारत को कमजोर करना चाहती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया को भी भारत विरोधी दुष्प्रचार का नया माध्यम बताते हुए युवाओं को सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के जरिए समाज को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। युवाओं को ऐसे दुष्प्रचार से सतर्क रहकर देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के वास्तविक नायकों को समझना चाहिए।

Kakori Train Action: वीरांगनाओं को सम्मान देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कई नायकों और वीरांगनाओं को लंबे समय तक इतिहास में उचित स्थान नहीं मिला। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान वीरांगनाओं के सम्मान में स्मारक और भवन बनाने तक में अड़चनें पैदा की गईं।

2014 के बाद शहीदों के सम्मान का किया दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साल 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और शहीदों को सम्मान देने का काम आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि काकोरी की घटना को ‘काकोरी डकैती’ के बजाय ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ नाम देकर क्रांतिकारियों के योगदान को उचित सम्मान देने का प्रयास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन केवल इतिहास की घटना नहीं है, बल्कि यह युवाओं के लिए राष्ट्रभक्ति, साहस और बलिदान की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के जरिए नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के वास्तविक नायकों और उनके संघर्ष से जोड़ना जरूरी है।

ये भी पढे़… प्रयागराज में राहुल गांधी का सरकार पर बड़ा हमला, बोले- ‘दर्द, डेटा और दौलत’ से समझिए युवाओं की परेशानी