Kangana Ranaut’s statement: संसद के मानसून सत्र के आखिरी दिन जारी हंगामे को लेकर भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने संसद का माहौल पूरी तरह खराब कर दिया है और चर्चा से बचने का रवैया अपना रहा है।
‘संसद का माहौल खराब कर रखा है’
मीडिया से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा कि संसद में जिस तरह का विरोध और हंगामा हो रहा है, वह बेहद आपत्तिजनक है। उनके मुताबिक, हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से एक तरफ गृह मंत्रालय से सवाल पूछे जाते हैं, जबकि दूसरी तरफ गृह मंत्री को सदन में बोलने नहीं देने की बात कही जाती है।
‘चर्चा का ऑफर मिला तो जवाब नहीं चाहिए’
कंगना ने विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष चर्चा की मांग करता है, लेकिन जब सरकार की ओर से चर्चा का प्रस्ताव मिलता है तो वह जवाब सुनने को तैयार नहीं होता। उन्होंने कहा कि इससे लगता है कि विपक्ष के पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं है और वह केवल हंगामा कर रहा है।
विकास और अर्थव्यवस्था के मुद्दे भी गिनाए
भाजपा सांसद ने कहा कि संसद में देश के विकास, आर्थिक प्रगति और रक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन को इन महत्वपूर्ण विषयों से ध्यान भटकाने वाला बताया।
शमिक भट्टाचार्य ने भी विपक्ष को घेरा
भाजपा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास चर्चा में हिस्सा लेने और सरकार का जवाब सुनने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार की नींव रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने विपक्षी दलों को संसद में चर्चा और जनता के मुद्दे उठाने के लिए चुना है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस जनता के साथ धोखा कर रही है और खुद को सर्वोपरि दिखाने के लिए संसद में हंगामा कर रही है। उन्होंने कांग्रेस को लेकर कहा कि जनता ने उसे ठुकरा दिया है और उसके पास कहने के लिए कुछ नहीं है।
ये भी पढ़े… बिहार: वैशाली में मॉर्निंग वॉक पर निकले ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, दो बाइक से आए थे चार बदमाश








