Home » उत्तर प्रदेश » कानपुर में खौफनाक वारदात, पिता ने 11 साल की जुड़वा बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी, आरोपी मौके से गिरफ्तार

कानपुर में खौफनाक वारदात, पिता ने 11 साल की जुड़वा बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी, आरोपी मौके से गिरफ्तार

पिता ने बेटियों को मारा

Kanpur Murder Case: कानपुर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रविवार की सुबह एक पिता ने अपनी ही 11 साल की जुड़वा बेटियों की हत्या कर दी। उसने घर के अंदर ही दोनों बच्चियों का गला काटकर उन्हें मार डाला और फिर खुद ही पुलिस को इस बारे में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।

सुबह 4:30 बजे पुलिस को मिली सूचना

पुलिस अधिकारी डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के अनुसार, यह घटना नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट की है। यहां रहने वाला शशि रंजन मिश्रा मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) के रूप में काम करता था। उसके परिवार में पत्नी रेशमा छेत्री, 11 साल की जुड़वा बेटियां रिद्धि और सिद्धि, और 6 साल का बेटा गन्नू शामिल थे। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस को 112 नंबर पर हत्या की सूचना मिली।

पिता ने बेटियों को मारा
पिता ने बेटियों को मारा

कमरे में खून से लथपथ मिले दोनों शव

जब पुलिस फ्लैट में पहुंची, तो देखा कि दोनों बच्चियों के शव कमरे के फर्श पर एक-दूसरे के पास पड़े थे। कमरे में हर तरफ खून फैला हुआ था। पास में ही एक चाकू पड़ा था, जिससे गला काटा गया था। आरोपी पिता वहीं बैठा मिला, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना के बाद पत्नी रेशमा का रो-रोकर बुरा हाल था। उसने कहा कि उसके पति को तुरंत फांसी दी जानी चाहिए। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और उस पर लगातार नजर रखता था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बेटियों की हत्या की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी।

Kanpur Murder Case: घर में लगे थे 6 CCTV कैमरे

जांच में यह भी सामने आया कि घर में कुल 6 सीसीटीवी कैमरे लगे थे। फ्लैट के एंट्री गेट पर दो कैमरे थे, जबकि किचन, हॉल और दोनों बेडरूम में भी कैमरे लगाए गए थे। बेटियां अपार्टमेंट के सामने स्थित मदर टेरेसा स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ती थीं, जबकि बेटा उसी स्कूल में यूकेजी का छात्र है। जब कैमरों के बारे में पत्नी से पूछा गया, तो उसने कहा कि इसके बारे में सिर्फ उसके पति को ही जानकारी थी।

Kanpur Murder Case: पिता ने बेटियों को मारा
पिता ने बेटियों को मारा

प्रेम विवाह के बाद बिगड़ने लगा रिश्ता

पत्नी रेशमा ने अपने पति के व्यवहार को लेकर कई गंभीर बातें बताईं। उसने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली है, जबकि उसका पति बिहार का है। दोनों की मुलाकात कानपुर में हुई थी, जहां वह एक मेंस पार्लर में काम करती थी। साल 2014 में दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद सब कुछ ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे पति का व्यवहार बदलने लगा। वह शराब पीकर रोज मारपीट करता था और नींद की गोलियां भी लेता था।

पति रखता था हर समय नजर, कमरे में नहीं जाने देता था

रेश्मा ने बताया कि उसके पति ने पूरे घर में कैमरे लगवा रखे थे और उसे अपने कमरे में भी आने नहीं देता था। वह दोनों बेटियों को अपने पास ही रखता था और अक्सर कहता था कि वह बेटे को लेकर कहीं चली जाए, जबकि वह बेटियों को खुद पालेगा। जब पति घर पर नहीं होता था, तभी वह कमरे में जा पाती थी।

Kanpur Murder Case: मायके जाने से भी रोकता था पति

पत्नी के अनुसार, शादी के बाद से ही उसका जीवन मुश्किल होता गया। पति उसे मायके जाने से रोकता था और जब भी वह जाने की कोशिश करती, तो मारपीट करता था। वह अक्सर शराब के नशे में रहता था और उसे तंग करता था। कई बार वह यह भी कहता था कि उसकी मां की मौत हो चुकी है और अब वह भी मरना चाहता है, और अपनी बेटियों को भी साथ ले जाएगा। वह पत्नी से कहता था कि वह अपने बेटे की देखभाल करे।

पिता ने बेटियों को मारा
पिता ने बेटियों को मारा

घटना वाली रात के बारे में रेशमा ने बताया कि सब कुछ सामान्य था। सभी ने साथ में खाना खाया और फिर पति बच्चियों को लेकर अपने कमरे में सोने चला गया। वह देर तक किसी से फोन पर बात करता रहा। रेशमा बाहर लगे कैमरों के जरिए कमरे की गतिविधियां देख रही थी।

आखिरी बार बेटी को लेकर वॉशरूम गया था आरोपी

रेश्मा के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे वह एक बेटी को लेकर वॉशरूम गया और फिर वापस कमरे में चला गया। इसके बाद कमरे की लाइट बंद हो गई। उसने दरवाजे के पास जाकर सुनने की कोशिश की, लेकिन कोई आवाज नहीं आई। उसे लगा कि सभी सो गए हैं। इसके बाद कब और कैसे यह वारदात हुई, उसे कुछ पता नहीं चल पाया।

ये भी पढ़ें:  चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ, गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुले, भक्तों में उमड़ा आस्था का सैलाब