Home » केरल » केरल में बारिश बनी काल, 8 लोगों की मौत, 8 अब भी लापता, 12 जिलों में हाई अलर्ट

केरल में बारिश बनी काल, 8 लोगों की मौत, 8 अब भी लापता, 12 जिलों में हाई अलर्ट

केरल में बारिश का कहर, 8 लोगों की मौत

Kerala Rain Disaster: केरल में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में गंभीर तबाही मचाई है। राज्य के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने रविवार को बताया कि बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 13 लोग घायल हुए हैं, जबकि 8 लोग अभी भी लापता हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री ने राहत और मदद का दिया भरोसा

मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि राज्य में बारिश से बने हालात पर राजस्व मंत्री, संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री और जिला प्रशासन के साथ लगातार बैठकें और बातचीत की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों, घरों या आजीविका को खोया है, उन्हें सरकार की ओर से हर संभव आर्थिक सहायता दी जाएगी।मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक 5,792 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बने 209 राहत शिविरों में भेजा गया है। भारी बारिश के कारण 27 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, जबकि 196 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।

सफाई अभियान शुरू, लोगों से सहयोग की अपील

बाढ़ प्रभावित इलाकों में सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संगठनों से राहत और सफाई कार्य में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार इस अभियान में पूरा सहयोग देगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश की तीव्रता कुछ कम हुई है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवी संगठन राहत कार्यों में लगातार लगे हुए हैं। जरूरत पड़ने पर लोग सरकारी सहायता केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं।

12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने केरल के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड शामिल हैं।आईएमडी ने इन जिलों में भारी बारिश, अचानक बाढ़, भूस्खलन और सड़कों व रिहायशी इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है।

कई बांधों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट

केरल राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) के तहत आने वाले कई बांधों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। मूझियार, कल्लारकुट्टी, एराट्टयार, लोअर पेरियार और पेरिंगलकुट्टू बांधों पर रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, कुट्टयाडी बांध के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।शनिवार सुबह आईएमडी ने पथानामथिट्टा, इडुक्की और राज्य के अन्य जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। हालांकि, चेतावनी जारी होने से पहले ही कई इलाकों में भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचा दी थी और स्थिति गंभीर आपदा में बदल गई।

यह भी पढ़े…हार्दिक पांड्या ने गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा संग किए तिरुमला मंदिर में दर्शन, बदले हुए लुक ने खींचा ध्यान