Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के अखरान इलाके में बुधवार को आतंकियों ने सीआरपीएफ के जवानों को निशाना बनाकर हमला कर दिया। एके-47 राइफलों से लैस दो आतंकियों ने चौकी पर तैनात जवानों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि, जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आतंकियों के बड़े हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया। इस गोलीबारी में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमला करने के बाद दोनों आतंकी जंगल की ओर भाग निकले।
Kulgam Terror Attack: इलाके की घेराबंदी, आतंकियों की तलाश जारी
हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं और बख्तरबंद गाड़ियों की तैनाती की गई है। आतंकियों की तलाश के लिए बीएसएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस और एसओजी की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इसके साथ ही आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इस हमले में लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट शामिल हो सकता है।
सीसीटीवी में कैद हुई हमले की पूरी घटना
कुलगाम में बुधवार को हुए हमले का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि मीर बाजार में बंद दुकानों के बाहर फुटपाथ पर सीआरपीएफ के जवान बैठे हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2:06 बजे अचानक गोलियां चलने लगीं। गोलियां जवानों के पास जमीन पर आकर लगीं, जिससे वहां धूल उड़ने लगी।अचानक हुई फायरिंग के बाद एक जवान अपनी जान बचाने के लिए तुरंत सुरक्षित जगह की ओर भागता दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह हथियार लेकर वापस आता है और आतंकियों पर जवाबी फायरिंग करते हुए आगे बढ़ता है। वीडियो में गोलियों की आवाज, जवानों की ओर से एक-दूसरे को सतर्क करने की आवाजें और मौके पर मची अफरा-तफरी भी सुनाई दे रही है। कैमरे की नजर से दूर मौजूद एक घायल जवान चिल्लाते हुए कहता है, ‘हमें गोली लगी है, जल्दी आओ।’ सीसीटीवी फुटेज में करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग दर्ज हुई है।
Kulgam Terror Attack: हमले में लश्कर के कमांडर लतीफ भट पर शक
सुरक्षा बलों के सूत्रों को शक है कि इस हमले को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट ने अंजाम दिया है। वह दक्षिण कश्मीर में सक्रिय एक वांटेड स्थानीय आतंकवादी है। बताया जा रहा है कि कुलगाम में हमले का तरीका पहले हुई उन घटनाओं से मिलता-जुलता है, जिनमें लतीफ भट का नाम सामने आया था। इसी आधार पर जांच एजेंसियां उसके शामिल होने की आशंका जता रही हैं।
पांच साल तक लश्कर के नेटवर्क से जुड़ा रहा लतीफ
जानकारी के मुताबिक, आतंकवादी बनने से पहले लतीफ भट करीब पांच साल तक दक्षिण कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के ओवर ग्राउंड नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। वह पहली बार सुरक्षा एजेंसियों की नजर में तब आया, जब अमरनाथ यात्रा के दौरान अनंतनाग के लाल चौक पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर की हत्या कर दी गई थी।सुरक्षा एजेंसियों को यह भी आशंका है कि इस हमले में लतीफ भट के साथ कोई पाकिस्तानी आतंकवादी भी शामिल हो सकता है। हालांकि, इन सभी जानकारियों की अभी जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, खबर लिखे जाने तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी।

Kulgam Terror Attack: तीन सीआरपीएफ जवान घायल, एक की हालत गंभीर
इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवानों को गोलियां लगी हैं। घायलों में पश्चिम बंगाल के कांस्टेबल संतोष चंद्रू की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें पेट और रीढ़ की हड्डी के पास गोली लगी है। वहीं, असम के कांस्टेबल राकेश दास और मध्य प्रदेश के हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह की हालत स्थिर है।
घायल जवानों की पहचान इस प्रकार है:
-
कांस्टेबल राकेश दास (असम): पैर में गोली लगी है।
-
कांस्टेबल संतोष चंद्रू (पश्चिम बंगाल): पेट और रीढ़ की हड्डी के पास गोली लगी है। हालत गंभीर है।
-
हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह (मध्य प्रदेश): बांह में गोली लगी है।
आतंकी नेटवर्क पर बढ़ते दबाव के बीच हमले की आशंका
पिछले कुछ महीनों में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों के नेटवर्क के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की हैं। इस दौरान दर्जनों संदिग्ध ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा कई संदिग्ध स्लीपर सेल मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया और कम से कम आठ आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया है। इन कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और दूसरी सामग्री भी बरामद हुई है।सूत्रों का मानना है कि सीमा पार बैठे आतंकी आकाओं और उनके स्थानीय नेटवर्क पर लगातार बढ़ रहे दबाव के कारण सक्रिय आतंकवादी और ओवर ग्राउंड वर्कर्स इस तरह के हमलों के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर सकते हैं। जांच एजेंसियां फिलहाल यह पता लगा रही हैं कि बुधवार को हुआ हमला भी किसी ऐसे ही निर्देश के तहत तो नहीं किया गया।
Kulgam Terror Attack: पूर्व डीजीपी ने क्या कहा?
जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद्य का कहना है कि राज्य में हालात में हो रहे सुधार से आतंकवादी परेशान हैं। इसी वजह से वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। सुरक्षा एजेंसियां कुलगाम हमले के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं और फरार आतंकियों की तलाश जारी है।








