Kushinagar: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को कुशीनगर के टेकुआटार पहुंचे, जहां उन्होंने 525 करोड़ रुपये की 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
Kushinagar: ‘मंदिरों के पैसे हजम करने वाले आस्था की बात न करें’-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन सरकारों के समय मंदिरों पर कब्जे होते थे और मंदिर निर्माण के लिए आए धन का दुरुपयोग किया जाता था, वे आज धर्म और आस्था पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग काशी, मथुरा और अयोध्या के विकास के बारे में कभी सोच भी नहीं सकते।
Kushinagar: 2017 से पहले विकास ठप था: CM योगी-
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में “पॉलिसी पैरालाइसिस” की सरकार थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय विकास कार्य ठप थे, निवेश प्रभावित था और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में “नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा” की स्थिति है।
स्वास्थ्य और विकास को लेकर गिनाईं उपलब्धियां-
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले इंसेफेलाइटिस और भूख जैसी समस्याओं से लोगों की जान जाती थी, लेकिन अब सरकार स्वास्थ्य, आवास, बिजली, गैस कनेक्शन, रोजगार और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य सरकार की प्राथमिकता है।
नारायणी नदी पर बनेगा 800 करोड़ का पुल-
मुख्यमंत्री ने दियारा क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि नारायणी नदी पर करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जाएगा। इसके लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। पुल बनने के बाद दियारा क्षेत्र के गांव मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।
कुशीनगर एयरपोर्ट से जल्द शुरू होंगी उड़ानें-
कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने में हुई देरी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण नए विमान समय पर उपलब्ध नहीं हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आधुनिक विमान उपलब्ध होंगे और कुशीनगर से गया तथा जेवर एयरपोर्ट के लिए उड़ान सेवाएं शुरू की जाएंगी।
यह भी पढ़े- ’25 साल पहले मिला मफलर आज भी संभालकर रखा’, न्यूजीलैंड में प्रवासी भारतीयों से बोले पीएम मोदी








